गोहाना। आहुलाना गांव में स्थित चौधरी देवीलाल सहकारी चीनी मिल के सामने किसान दूसरे दिन भी धरने पर रहे। मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढुनी धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने गन्ने का भाव नहीं बढ़ने तक धरना जारी रखने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि गन्ने की खेती किसानों के लिए नुकसान की खेती साबित हो रही है। सही भाव नहीं होने के कारण गन्ने की खेती की लागत भी पूरी नहीं होती है। सरकार ने इस बार गन्ने के भाव में केवल 15 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की है। इसके बाद भाव 430 रुपये प्रति क्विंटल हुआ है, जबकि गन्ने की खेती की लागत हर वर्ष बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि चीनी के भाव में हुई बढ़ौतरी की तुलना में गन्ने का भाव नहीं बढ़ा है, जिससे किसानों को नुकसान हो रहा है। खेती की लागत के हिसाब से गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल होना चाहिए। किसान भाव बढ़ाने की मांग को लेकर ही मिल के सामने धरना दे रहे हैं। उनका धरना गन्ने का भाव बढ़ने के बाद ही खत्म होगा। इस अवसर पर अशोक लठवाल, कृष्ण मलिक, संदीप मलिक आदि उपस्थित थे।