सोनीपत। जिला परिषद सदन की बैठक में वीरवार को ग्रामीण क्षेत्रों की विकास संबंधी समस्याओं से लेकर पेंशन, स्वास्थ्य सेवाओं और खेल सुविधाओं की बदहाली के मुद्दे उठाए गए। गांव निजामपुर के खेल स्टेडियम में पशु बांधे जाने, चहारदीवारी टूटने और खिलाड़ियों को सुविधाएं नहीं मिलने पर जिला पार्षद रवि इंदौरा ने नाराजगी जताई। वहीं, बुजुर्गों की पेंशन कटने, परिवार पहचान पत्र में गलत आय व संपत्ति दर्ज होने और अधूरे विकास कार्यों को पूरा कराने की मांग भी उठी। जिला परिषद हॉल में चेयरपर्सन मोनिका दहिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में गांवों की गलियों, रास्तों, चौपालों, संपर्क सड़कों, स्ट्रीट लाइटों, पार्कों और स्टेडियमों के विकास कार्यों की समीक्षा की गई। चेयरपर्सन ने अधिकारियों को अधूरे कार्य प्राथमिकता से पूरा कराने और निर्धारित समयसीमा में विकास कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। जिला पार्षद संजय बड़वासनी ने बुढ़ापा, विधवा और दिव्यांग पेंशन काटे जाने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कई बुजुर्ग पांच महीने से पेंशन के लिए परेशान हैं। परिवार पहचान पत्र में कहीं आय बढ़ाकर दर्ज कर दी गई है तो कहीं वाहन और जमीन का गलत विवरण चढ़ा दिया गया है। इसके चलते पात्र लोगों की पेंशन बंद हो गई है और परिवार पहचान पत्र ठीक करवाने के लिए उन्हें सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। निजामपुर स्टेडियम में पशु बांधने और सुविधाओं की कमी का मुद्दा रवि इंदौरा ने अपने वार्ड के अधूरे विकास कार्यों को पूरा कराने की मांग करते हुए कहा कि निजामपुर के खेल स्टेडियम में पशु बांधे जा रहे हैं और चहारदीवारी टूटी पड़ी है। इससे खिलाड़ियों को अभ्यास करने में परेशानी हो रही है। उन्होंने स्टेडियम का सुंदरीकरण करवाने, खेल प्रशिक्षक नियुक्त करने और युवाओं को खेल सामग्री उपलब्ध करवाने की मांग रखी। स्वास्थ्य सेवाओं पर भी उठाए सवाल जिला पार्षद संजय ने नागरिक अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सेवाओं की स्थिति पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि मरीजों को अल्ट्रासाउंड के लिए बाहर भेजा जा रहा है और बेहतर इलाज के लिए रोहतक व अन्य शहरों का रुख करना पड़ता है। सरकारी अस्पताल में पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिलने से आम लोगों को निजी अस्पतालों में महंगा इलाज करवाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इस पर सिविल सर्जन डॉ. अलंकृता ने बताया कि अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों से मरीजों को बेहतर उपचार देने का प्रयास जारी है। समाधान शिविरों में लोगों को भेजने की अपील जिला परिषद की सीईओ डॉ. अनमोल ने बताया कि परिवार पहचान पत्र, बिजली, पानी, पेंशन सहित अन्य समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक एसडीएम कार्यालय में सोमवार और वीरवार को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने जिला पार्षदों से अपने-अपने गांवों के लोगों को समाधान शिविरों की जानकारी देने और उन्हें वहां पहुंचाने का आग्रह किया, ताकि नागरिकों को अलग-अलग विभागों के कार्यालयों में भटकना न पड़े।