सोनीपत। बुढ़ापा पेंशन काटे जाने के विरोध में जिला पार्षद संजय बड़वासनिया ने सोमवार को जिला उपायुक्त कार्यालय पर अनोखे ढंग से प्रदर्शन किया। उन्होंने आईना लेकर उसके सामने मुख्यमंत्री का चेहरा रखकर सरकार को आईना दिखाया। बाद में मुख्यमंत्री के नाम सीटीएम सोनीपत को ज्ञापन सौंपा। संजय बड़वासनिया ने कहा कि पेंशन में आ रही दिक्कतों को ठीक करवाने के लिए बुजुर्गों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। आय और अन्य वेरिफिकेशन के नाम पर बुजुर्गों, दिव्यांगों और विधवाओं की पेंशन काटी जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि वेरिफिकेशन जरूरी है तो अधिकारियों को बुजुर्गों के घर जाकर जांच करनी चाहिए। इस उम्र में उन्हें आयु प्रमाणपत्र के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगवाने चाहिए। आधार कार्ड व अन्य पहचान पत्रों के आधार पर सत्यापन किया जाए। इस दौरान निगम पार्षद राजेश मलिक, सिल्क राम, प्रदीप, संदीप, कुलदीप, राजवीर, सुमित्रा, ब्रह्मवती, ब्रह्मदेवी, प्रमिला और कविता मौजूद रहे।