सोनीपत। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) की आगामी गतिविधियों और संगठन को मजबूत करने को लेकर सोनीपत रोड पर कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बैठक में 27 सितंबर को नूंह में होने वाली रैली को लेकर तैयारियों पर चर्चा की गई। यह कार्यक्रम जननायक देवीलाल की जयंती के अवसर पर आयोजित किया जाएगा। बैठक में जिला प्रभारी एवं पूर्व विधायक रामफल कुंडू ने प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं की अनदेखी के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मौजूदा हालात ऐसे हैं कि लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भजनलाल के कार्यकाल में भी इतना भ्रष्टाचार नहीं था, जितना वर्तमान समय में देखने को मिल रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और इनेलो के पक्ष में माहौल तैयार करने का आह्वान किया। बैठक में बताया गया कि 9 सितंबर को दोपहर दो बजे अभय सिंह चौटाला मिलन वाटिका पहुंचेंगे। वहीं, 2 सितंबर को सुनैना चौटाला हलके के दौरे पर रहेंगी। उनके कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। वक्ताओं ने कहा कि गांवों में जाकर लोगों से संपर्क बढ़ाने का समय आ गया है। उन्होंने पानी की समस्या का मुद्दा उठाते हुए कहा कि हरित प्रदेश कहलाने वाले हरियाणा में लोगों को पानी की किल्लत से जूझना पड़ रहा है। सरकार ने पानी के कनेक्शनों पर मीटर लगाने का काम भी शुरू कर दिया है। उन्होंने संविदा कर्मचारियों की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि आज उन्हें दिहाड़ी तक नहीं मिल पा रही है। बैठक में प्रदीप गिल, कुणाल गहलावत, प्रीतम खोखर, रवींद्र मंडोरा, राजू धानक, रोहताश दहिया भी मौजूद रहे।