बाल भवन में चल रही मंडलस्तरीय बाल दिवस प्रतियोगिताओं के दूसरे दिन वीरवार को विद्यार्थियों ने संगीत में अपनी शानदार प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पुलिस लाइन स्थित बाल भवन के प्रांगण में इस आयोजन में रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, सोनीपत और झज्जर जिले के विद्यार्थियों ने भाग लिया। दूसरे दिन समूह गायन और एकल गायन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विभिन्न आयु वर्गों के बच्चों ने भक्ति, देशभक्ति और लोकगीतों पर आधारित मधुर प्रस्तुतियां दीं। उनकी सुर-ताल और लयबद्ध प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। निर्णायक मंडल ने प्रस्तुतियों का बारीकी से मूल्यांकन किया। जिला बाल कल्याण अधिकारी सोमदत्त खुंडिया ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों की छिपी प्रतिभा को मंच देती हैं। इससे उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और सांस्कृतिक रुचि बढ़ती है। प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। प्रतियोगिताएं 27 नवंबर तक चलेंगी।