हांसी के बांडाहेड़ी के पास एक ऑटो और बड़े ट्रक की भिड़ंत हो गई। हादसे में ऑटो सवार पांच लोग घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और चौकी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। राहगीरों की मदद से दो घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि तीन घायलों को डायल 112 और चौकी पुलिस की गाड़ी से अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस एसआई विजय कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम से ऑटो और ट्रक के बीच एक्सीडेंट की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों वाहन हांसी की तरफ से आ रहे थे। फिलहाल हादसा किस कारण हुआ, इसकी जांच की जा रही है। घायलों को चोटें अधिक बताई जा रही हैं।