गांव गोकलगढ़ में हुए मनोज हत्याकांड के आरोपियों और पुलिस के बीच अलसुबह धारूहेड़ा क्षेत्र में मुठभेड़ हो गई। सीआईए रेवाड़ी की टीम आरोपियों को पकड़ने पहुंची तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपियों की ओर से पुलिस टीम पर पांच राउंड गोलियां चलाई गईं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से दोनों आरोपी मनिंद्र और महेश घायल हो गए। दोनों के पैरों में गोली लगी है। पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए रेवाड़ी के नागरिक अस्पताल स्थित ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं और वारदात में शामिल बाकी आरोपियों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।