रेवाड़ी। बावल क्षेत्र के गांव खुरमपुर से लापता हुए 17 वर्षीय नाबालिग छात्र को पुलिस ने बुधवार सुबह सकुशल बरामद कर लिया। थाना बावल पुलिस और सीआईए रेवाड़ी की संयुक्त टीम ने छात्र को बावल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के नजदीक एक वार्ड से तलाश किया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे परिजनों के हवाले कर दिया। छात्र के मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली। डीएसपी मुख्यालय रेवाड़ी संजीव बल्हारा ने बताया कि खुरमपुर निवासी ओमपाल ने 11 अक्तूबर को थाना बावल में शिकायत दी थी कि उनका करीब 17 वर्षीय बेटा एसपीएम पब्लिक स्कूल, गांव नंगली परसापुर में 12वीं कक्षा का छात्र है। वह 10 अक्तूबर की रात करीब 10 बजे अपने पिता के साथ सोया था। रात करीब एक बजे जब पिता की आंख खुली तो बेटा घर पर नहीं मिला। परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर तलाश शुरू की। छात्र के नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने लगाया था जाम छात्र का पता नहीं चलने से परेशान परिजनों और ग्रामीणों ने मंगलवार को बावल के सर छोटूराम चौक के पास जाम लगा दिया था। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को छात्र को जल्द तलाश करने का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम खुलवाया गया। स्कूल में कहासुनी के बाद घर से निकला था: पुलिस के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी रेवाड़ी हेमेंद्र कुमार मीणा के निर्देश पर थाना बावल और सीआईए रेवाड़ी की संयुक्त टीमें गठित की गईं। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर तलाश अभियान चलाया। बुधवार सुबह करीब 6:45 बजे छात्र बावल सीएचसी के पास एक वार्ड में घूमता मिला। पूछताछ में छात्र ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले स्कूल में उसकी एक अन्य छात्र से कहासुनी हो गई थी। इस बारे में उसने अपने पिता को भी बताया था, लेकिन उसे अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। इसी बात से आहत होकर वह बिना बताए रात में घर से निकल गया था। पुलिस ने परिजनों को सौंपा छात्र पुलिस ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद छात्र को सुरक्षित उसके परिजनों के हवाले कर दिया। डीएसपी मुख्यालय संजीव बल्हारा ने लोगों से अपील की कि किसी समस्या की स्थिति में कानून हाथ में न लें और सड़क पर जाम लगाने से बचें। उन्होंने कहा कि जाम से आम लोगों के साथ-साथ एंबुलेंस और मरीजों को भी परेशानी होती है। किसी भी शिकायत या परेशानी पर पुलिस को सूचना दें।