रेवाड़ी। जिले के खोल गांव में मंगलवार रात शराब पीने के दौरान हुए विवाद में 55 वर्षीय मुकेश की मौत हो गई। मारपीट में गंभीर रूप से घायल मुकेश ने रेवाड़ी ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के बेटे नितिन ने आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश के चलते उनके पिता पर रॉड से हमला किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पेंशन लेने गांव आए थे मुकेश मृतक के बेटे नितिन ने बताया कि उनका परिवार फिलहाल गुरुग्राम में रहता है। उनके पिता मंगलवार को पेंशन लेने के लिए खोल गांव आए थे। रात करीब साढ़े 10 बजे उनकी बहन का फोन आया। उसने बताया कि गांव के वीर सिंह ने सूचना दी है कि कुछ लोगों ने उनके पिता के साथ मारपीट की है। इसके बाद घायल मुकेश को खोल के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए रेवाड़ी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। यहां रात करीब सवा दो बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजन अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक मुकेश दम तोड़ चुके थे। मंगलवार रात मुकेश, वीर सिंह, राहुल, हिलहरी और सेठी एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया और मारपीट शुरू हो गई। घटना में मुकेश की मौत हो गई, जबकि वीर सिंह भी घायल हुआ। पुलिस मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई कर रही है। पुरानी रंजिश में हमला करने की आशंका नितिन का आरोप है कि उनके पिता पर उस समय हमला किया गया, जब वह अकेले थे। परिवार का पहले भी कुछ लोगों के साथ विवाद रहा था। इसी रंजिश के चलते उनके पिता पर हमला किए जाने की आशंका है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है