राणा माजरा गांव में भाभी के अवैध संबंधों का विरोध किया तो प्रेमी ने अपने साथियों के साथ मिलकर देवर के सीने में चाकू घोंप दिया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी परिवार को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घायल युवक को जिला नागरिक अस्पताल लाया गया। यहां से युवक की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया।परिजन घायल को एक निजी अस्पताल में ले गए। यहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले में महिला समेत सात पर जानलेवा हमला करने का केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है। सनौली थाना पुलिस को दी शिकायत में राणा माजरा गांव निवासी प्रवेज ने बताया कि उसके चाचा तासीम की मौत 2018 में हो गई थी। उसके चाचा चार बच्चों के पिता था। उसकी चाची आसमां के गांव ही इस्तीकार के साथ अवैध संबंध बन गए हैं। वह सब परिवार वाले आसमां को इस्तीकार से दूर रहने के लिए बोलते थे।इस बात से आसमां उनसे रंजिश रखने लगी। आसमां 18 जनवरी को उनके घर आई और उसके दूसरे चाचा बिलाल से झगड़ा करने लगी। आसमां ने यहां इस्तीकार, उसके भाई भाई इतजार, शाकिर, शाबिर, मसिउला व इनके पिता समयदीन को भी बुला लिया। यह सभी हथियारों से लैस थे। इन्होंने आसमां के कहने पर उसके चाचा बिलाल के सीने में चाकू घोंप दिया। उन पर तेज धार हथियारों से भी हमला किया गया। जब उन्होंने शोर मचाया तो यह सभी आरोपी पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी देकर यहां से फरार हो गए। सनौली पुलिस थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि मामले में शिकायत के आधार पर महिला समेत सात पर केस दर्ज कर लिया गया है। घायल का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।