पानीपत। सीआईए-1 की टीम ने वर्ष 2023 में थाना बापौली क्षेत्र में हुए तसव्वर हत्याकांड में फरार चल रहे 10वें आरोपी को अमृतसर (पंजाब) से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव जलमाना निवासी सुनील के रूप में हुई है। उसे रिमांड अवधि पूरी होने के बाद बुधवार को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हर्षित गोयल ने बताया कि इस मामले में पुलिस पहले नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में चालान पेश कर चुकी है। यह मामला अदालत में विचाराधीन है। इसमें आरोपी सुनील वारदात के बाद से ठिकाने बदलकर बच रहा था। सीआईए-1 टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के सहारे उसे अमृतसर से गिरफ्तार किया और पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। मामला सितंबर 2023 का है। गांव अधमी निवासी तसव्वर और उनका साथी आजाद बाइक से जा रहे थे। पुरानी रंजिश के चलते सनौली रोड स्थित अनाज मंडी गेट बापौली के पास उन पर लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और चाकू से हमला कर दिया था। हमले में चाकू लगने से तसव्वर की मौत हो गई थी, जबकि आजाद गंभीर रूप से घायल हो गया था। वारदात के बाद आरोपी हथियार फेंककर भाग गए थे। इस पर थाना बापौली में हत्या समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली थी।