करनाल। नए सॉफ्टवेयर की तकनीकी खामियों और अपनी लंबित मांगों को लेकर दी रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन हरियाणा के आह्वान पर पटवारियों व कानूनगो की दो दिवसीय सांकेतिक हड़ताल शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन भी जारी रही। एसोसिएशन ने सरकार से कोई सकारात्मक रुख न दिखने पर आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए अब 25 अगस्त को भी जिला मुख्यालयों पर धरने का ऐलान कर दिया है। शुक्रवार को जिलेभर के पटवारी और कानूनगो फव्वारा पार्क में धरने पर बैठे। सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इससे जिले की सभी तहसीलों और उपतहसीलों में काम पूरी तरह ठप रहा। दो दिनों में ही करीब 300 डोमिसाइल (निवास प्रमाण पत्र), एक हजार इंतकाल, जमाबंदी, फर्द, गिरदावरी, डीसीएस और नक्शा संबंधी कार्य प्रभावित हुए हैं। तहसीलों में पटवारियों की नई रिपोर्ट न मिलने से रजिस्ट्री के नए टोकन जारी नहीं हो सके। इससे सोमवार को रजिस्ट्री कार्य और अधिक प्रभावित होने की आशंका है। एसोसिएशन के प्रधान कश्मीर सिंह ने बताया कि यह धरना राजस्व रिकॉर्ड को बचाने के लिए दिया जा रहा है। उन्होंने नए पोर्टल की तकनीकी गलतियों की जिम्मेदारी आईटी विभाग की तय करने, संशोधित लैंड रिकॉर्ड मैनुअल जारी करने, डिजिटल क्रॉप सर्वे को प्राइवेट एजेंसी से करवाने या उसकी रेंज 150 मीटर करने, रोवर पैमाइश के लिए ट्रेनिंग व ऑपरेटर देने, और लंबित एलटीसी व मानदेय जारी करने की मांग की।