सेक्टर-12 स्थित हुड्डा ग्राउंड में चल रही सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना हुआ है। विश्वविख्यात कथावाचक आचार्य श्री मृदुल कृष्ण गोस्वामी जी महाराज ने श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक बाल लीलाओं और गोवर्धन पर्वत धारण करने का प्रसंग सुनाकर भावविभोर कर दिया। कथा के दौरान पंडाल में मौजूद श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाते रहे। गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज के सानिध्य में आयोजित इस कथा का आयोजन हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड के वाइस चेयरमैन एवं जय श्री राम एग्रो प्राइवेट लिमिटेड के एमडी सतीश गुप्ता द्वारा अपने पूज्य माता-पिता लाला मनीराम एवं प्रेमवती की स्मृति में करवाया जा रहा है।कथा में आचार्य ने गोवर्धन लीला का वर्णन करते हुए बताया कि भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी अंगुली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों को इंद्र के प्रकोप से बचाया था। भगवान की इस लीला ने संसार को संदेश दिया कि जो भक्त सच्चे मन से ईश्वर की शरण में आता है, भगवान सदैव उसकी रक्षा करते हैं। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, प्रेम और संरक्षण का भी प्रतीक है।आचार्य ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं केवल धार्मिक प्रसंग नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाली शिक्षाएं हैं। मनुष्य को अपने जीवन से अहंकार दूर कर प्रेम, विनम्रता, सेवा और समर्पण को अपनाना चाहिए। श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने से मन को शांति मिलती है और व्यक्ति को जीवन में सद्कर्म करने की प्रेरणा मिलती है।इस अवसर पर राजकुमार सिंगला, पवन कुमार सिंगला, सोहन लाल सिंगला, रतन लाल सिंगला, विनोद कुमार सिंगला सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।