फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कैथल में एक लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक, 600 स्वास्थ्यकर्मी संभालेंगे जिम्मेदारी

एमसीएच निदेशक डॉ. वीरेंद्र यादव ने रविवार को नागरिक अस्पताल कैथल में पोलियो अभियान का रिबन काटकर विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान की शुरुआत की। डॉ. वीरेंद्र यादव ने बताया कि प्रदेश के आठ जिलों में शुरू किए गए इस अभियान के तहत करीब 16 लाख बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान को सफल बनाने के लिए लगभग 26 हजार अधिकारी एवं कर्मचारी कार्य कर रहे हैं। कैथल जिले में भी करीब एक लाख बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाई जाएगी, जिसके लिए 600 स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने बताया कि अभियान के पहले दिन निर्धारित बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी, जबकि अगले दो दिनों तक स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाएंगे। इसके अलावा 56 ट्रांजिट टीमें भी बनाई गई हैं। स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे और जिले के सभी क्षेत्रों को अभियान के तहत कवर किया जाए। पत्रकारों से बातचीत करते हुए एमसीएच निदेशक ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा अमृत फार्मेसी का उद्घाटन किया गया है, जिसके माध्यम से लोगों को बाजार मूल्य से आधे से भी कम कीमत पर दवाइयां उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनसंख्या के आधार पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य कर्मचारियों के प्रशिक्षण के लिए प्रदेश में ऑनलाइन एडवांस ट्रेनिंग भी शुरू की जाएगी, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाया जा सके। प्रदेश में डॉक्टरों की उपलब्धता के संबंध में उन्होंने बताया कि वर्ष 2024-25 के दौरान 770 डॉक्टरों की नियुक्ति की गई है। इसके बाद 450 डॉक्टरों की अतिरिक्त भर्ती भी की गई है। प्रदेश में डॉक्टरों के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया लगातार जारी है। पोलियो अभियान का शुभारंभ करने के बाद एमसीएच निदेशक डॉ. वीरेंद्र यादव ने नागरिक अस्पताल का निरीक्षण किया। सबसे पहले उन्होंने सीटी स्कैन एवं एक्स-रे कक्ष का दौरा किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सीटी स्कैन की कार्यप्रणाली और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही अधिकारियों को हेल्थ मैप का पूरा रिकॉर्ड उपलब्ध करवाने तथा डॉक्टरों को नियमित रूप से राउंड लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने इमरजेंसी गेट पर लगे डिस्प्ले बोर्ड को दुरुस्त करवाने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एक मरीज ने व्हीलचेयर की कमी की समस्या उनके सामने रखी। इस पर उन्होंने पीएमओ को सभी व्हीलचेयर की जांच करवाकर उन्हें दुरुस्त करने के निर्देश दिए, ताकि दिव्यांग एवं जरूरतमंद मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। अस्पताल परिसर में ब्लॉक होने के कारण व्हीलचेयर के आवागमन में आ रही दिक्कत को भी उन्होंने गंभीरता से लेते हुए इसे दूर करने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने को कहा। इसके बाद उन्होंने आपातकालीन कक्ष का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने बीपी जांच मशीनों को अपडेट करने, मॉनिटर वाले बेड अलग से तैयार करने तथा टेली मशीन को आपातकालीन कक्ष में शिफ्ट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन थिएटर की व्यवस्थाओं में भी व्यापक सुधार की आवश्यकता है। इसके लिए अन्य अस्पतालों का दौरा कर वहां की बेहतर व्यवस्थाओं का अध्ययन किया जाए और उसी अनुरूप नागरिक अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में आवश्यक बदलाव किए जाएं। निरीक्षण के अंत में उन्होंने अस्पताल के अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का जायजा लिया तथा सीएमओ, पीएमओ एवं संबंधित अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। इस मौके पर सीएमओ डॉ. बलविंदर, पीएमओ डॉ. मीनाक्षी, डॉ. सचिन मांडले, डॉ नवराज, सुरेंद्र गर्ग सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें