जींद। नागरिक अस्पताल की इमरजेंसी में उपचार के लिए पहुंचे मरीज के साथ वीरवार शाम हुई मारपीट का मामला शुक्रवार को तूल पकड़ गया। दर्द की दवा मांगने पर सिक्योरिटी गार्ड द्वारा मरीज सन्नी का गला पकड़कर थप्पड़ और मुक्के मारने के मामले में डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा और एसपी उपासना यादव अस्पताल पहुंचे। इस मामले में आरोपी सुरक्षाकर्मी कपिल को नौकरी से हटा दिया गया। चिकित्सकों के बीच बैठाकर पीड़ित सन्नी और उसकी पत्नी भावना से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली गई। दंपती ने रो-रोकर अपनी आपबीती सुनाई और आरोप लगाया कि शाम करीब सवा पांच बजे अस्पताल पहुंचने के बावजूद रात आठ बजे एमएलआर काटी गई। चार घंटे तक न तो दर्द का इंजेक्शन दिया गया, न जख्मों पर पट्टी की गई और न ही दर्द से राहत के लिए पेनकिलर दी गई। उल्टा उपचार की मांग करने पर सिक्योरिटी गार्ड ने मारपीट की। अस्पताल में मौजूद पुलिसकर्मी भी तमाशबीन बने रहे। पीड़ित की शिकायत सुनने के बाद एसपी ने ड्यूटी पर तैनात दोनों पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया। वहीं डिप्टी स्पीकर ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और चिकित्सकों को जमकर फटकार लगाई। डिप्टी स्पीकर के सामने सन्नी ने आरोप लगाया कि चिकित्सक ने इलाज के नाम पर सात हजार रुपये मांगे। जब उसने उपचार की मांग की तो डॉक्टर ने धमकी दी कि उनकी कलम में बहुत ताकत है। इसके बाद उसके कागजात भी छीन लिए गए। पीड़ित ने बताया कि अस्पताल में उपचार के बजाय उसे और उसकी पत्नी को प्रताड़ित किया गया। उसकी पत्नी के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया। इस दौरान डिप्टी स्पीकर ने सीएमओ डॉ. सुमन कोहली से सवाल किया कि आखिर अस्पताल में मरीजों के साथ ऐसा व्यवहार क्यों हो रहा है। सीएमओ को फटकार- अस्पताल बंद कर थाना बनवा दो या अखाड़ा पीड़ित की शिकायत सुनने के बाद डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा का गुस्सा अधिकारियों पर फूट पड़ा। उन्होंने सीएमओ से कहा कि क्या कोई खास बात है कि नए डॉक्टर काम के नाम पर बदतमीजी कर रहे हैं, जबकि पुराने डॉक्टर ठीक हैं। नए डॉक्टर न तो काम कर रहे हैं और न ही मरीजों के साथ सही व्यवहार कर रहे हैं। उन्होंने तल्ख लहजे में कहा कि अगर अस्पताल में मरीजों का इलाज नहीं होना और उनके साथ मारपीट ही होनी है तो अस्पताल बंद करके यहां थाना बनवा दो या अखाड़ा बनवा दो। इसके लिए मुख्यमंत्री से बात करनी पड़े तो वह भी करेंगे। सीएमओ से उन्होंने कहा कि अगर आपसे व्यवस्था नहीं संभल रही तो इस्तीफा दे दीजिए। उन्होंने सवाल उठाया कि मरीज अस्पताल में पिट रहा है और अधिकारी तमाशा देख रहे हैं। अब तक जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई। सीएमओ पर गलत काम करने वाले चिकित्सकों को बचाने और मामले को घुमाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि वह तीसरी बार चेतावनी दे रहे हैं, लेकिन व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हो रहा। इस दौरान ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक प्रमोद व सौरव ने भी अपना पक्ष रखा। चार घंटे तक इलाज नहीं मिलने पर भड़के, बोले- मैं मूर्ख हूं क्या, चंडीगढ़ से आया हूं मामले की जांच शनिवार दोपहर 12 बजे करने की बात जब पीएमओ ने कही तो डिप्टी स्पीकर और भड़क गए। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि क्या मैं मूर्ख हूं, जो चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री के पास से यहां आया हूं। पूरे देश में घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। इससे सरकार, उनकी खुद की छवि, सिविल अस्पताल और स्वास्थ्य विभाग की बदनामी हो रही है। उन्होंने कहा कि साढ़े चार-पांच बजे मरीज अस्पताल पहुंचता है और रात आठ बजे तक उसे दर्द की दवा तक नहीं मिलती। मरीज के साथ मारपीट हो जाती है और अधिकारी कार्रवाई करने के बजाय जांच का समय दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि डॉक्टर भगवान नहीं हैं। मरीज उनके पास इलाज की उम्मीद लेकर आते हैं। किसी की परेशानी का फायदा उठाकर उसके साथ दुर्व्यवहार करने का अधिकार किसी को नहीं है। गरीब आदमी की अस्पताल में कोई सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने स्पष्ट कहा कि डॉ. कृष्ण मिड्ढा किसी गरीब व्यक्ति को जींद में परेशान नहीं होने देंगे। पुलिसकर्मियों पर भी गिरी गाज, एसपी को व्यवस्था सुधारने के निर्देश डिप्टी स्पीकर ने एसपी उपासना यादव से भी अस्पताल में तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब अस्पताल परिसर में मरीज के साथ मारपीट हो रही थी तो पुलिसकर्मियों ने उसे छुड़वाने का प्रयास क्यों नहीं किया। इस पर एसपी ने बताया कि ड्यूटी पर तैनात दोनों पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है। डिप्टी स्पीकर ने एसपी को निर्देश दिए कि अस्पताल में ऐसे पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाए, जो व्यवस्था संभाल सकें और मरीजों व तीमारदारों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। बाक्स इस दौरान डिप्टी स्पीकर ने नागरिक अस्पताल के पुराने मामलों का भी जिक्र किया। उन्होंने पॉलीक्लिनिक से जुड़े पुराने मामले में कार्रवाई नहीं होने पर नाराजगी जताई। सीएमओ ने बताया कि संबंधित रिपोर्ट डीसी को सौंप दी गई थी। इस पर डिप्टी स्पीकर ने कहा कि वह रिपोर्ट मंगवाकर दोबारा जांच करवाएंगे। उन्होंने खोखरी गांव के मामले का भी जिक्र किया, जिसमें पोस्टमार्टम करवाने के लिए ग्रामीणों को सड़क जाम करनी पड़ी थी। उन्होंने कहा कि गरीब आदमी की सुनवाई के लिए सड़क पर उतरना पड़े, यह स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्था पर बड़ा सवाल है। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर किसी अमीर परिवार का व्यक्ति होता तो अब तक कार्रवाई हो चुकी होती।