बादली। उपमंडल के बादली में आयोजित समाधान शिविर में एसडीएम विशाल कुमार ने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनका मौके पर ही समाधान कराया। शिविर में कुल 19 शिकायतें आईं, जिनमें से 12 का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया, शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को समयबद्ध निपटारे के निर्देश दिए गए। शिविर में सबसे ज्यादा शिकायतें परिवार पहचान पत्र, लाडो लक्ष्मी योजना और गांव में गंदे पानी की निकासी से संबंधित थीं। लोगों ने बताया कि परिवार पहचान पत्र में त्रुटि के कारण योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे मामलों को प्राथमिकता पर ठीक किया जाए। गंदे पानी की निकासी को लेकर निमाना गांव के ग्रामीणों ने फिरनी और गलियों में जलभराव की समस्या रखी। एसडीएम ने संबंधित विभाग को मौके पर जाकर निरीक्षण करने और जल्द समाधान करने को कहा। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य लोगों को दफ्तरों के चक्कर से बचाना है।