सफाई कर्मचारियों के आंदोलन के समर्थन में नागरिक मंच के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया और धरना स्थल पर पहुंचकर कर्मचारियों को अपना समर्थन दिया। मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर पिछले 28-29 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से ध्यान नहीं दे रही। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि मई माह में सरकार द्वारा कर्मचारियों की कुछ मांगों को स्वीकार किए जाने के बावजूद उन पर अमल नहीं किया गया। उन्होंने हाल ही में महिला सफाई कर्मचारियों के साथ पुलिस कार्रवाई को लेकर भी रोष जताया। मंच ने सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो का हवाला देते हुए पुलिस पर महिला कर्मचारियों के साथ कथित मारपीट और उन्हें सड़क पर घसीटने का आरोप लगाया और इसकी निंदा की। नागरिक मंच ने मांग की कि महिला कर्मचारियों से कथित मारपीट करने वाले पुलिसकर्मियों की पहचान कर कार्रवाई की जाए। साथ ही सफाई कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन देने, उनकी सभी मांगें पूरी करने, ठेकेदारी प्रथा समाप्त कर स्थायी रोजगार देने तथा हिरासत में लिए गए कर्मचारियों को रिहा कर मुकदमे वापस लेने की मांग की। इस अवसर पर जयकरण मांडौठी, धनराज सिंह तहलान, सुमेश कौशिक, सुमित छिकारा, रामकिशन, सतीश कुमार, लालजी, सतबीर सिंह बल्हारा, राजबीर सिंह छिल्लर, भारत, सोनिया, संजीवन, रमेश कुमार माली, कृष्ण कुमार, श्रीकांत व सुनील कुमार आदि मौजूद रहे।