फतेहाबाद। शहर की अनाज मंडी में आढ़त का काम करने वाले श्याम सुंदर बाघला के इकलौते युवा बेटे रियल एस्टेट कारोबारी ईशान बाघला (26) निवासी मॉडल टाऊन के शव का तीन डॉक्टरों के बोर्ड ने वीरवार सुबह पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी करवाई गई। इससे पहले मामले की गंभीरता से जांच को लेकर परिजन एसपी के पास पहुंची। एसपी निकिता खट्टर ने डीएसपी जयसिंह के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया है। अब मामले की जांच एसआईटी करेगी। इस मामले में बुधवार रात को तीन दोस्तों आरोपी अभिमन्यु, नितिन और हेमंत के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है। पोस्टमार्टम के बाद शहर के शिवपुरी में दाह संस्कार किया गया। - खिलाड़ी था ईशान ईशान बॉस्केटबॉल का खिलाड़ी भी है। ईशान के नहर में गिरने के बाद बाहर न निकलने को लेकर बार-बार परिजनों को संदेह हो रहा है। परिवार का कहना है कि ईशान को तैरना आता था लेकिन वह बाहर नहीं निकल पाया। ऐसे में मौत संदेहजनक है। सबूत जुटाने के लिए बुधवार देर शाम को पुलिस टीम गांव बड़ोपल घटनास्थल पर पहुंची थी। आरोपी दोस्तों से भी पुलिस टीम अलग-अलग पूछताछ कर रही है। - पुलिस प्रवक्ता विनोद कुमार का कहना है कि मामले में एसआईटी गठित की गई है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिवार को सौंप दिया गया है, जांच जारी है