शहर के बीघड़ रोड पर आर्यभट्ट स्कूल वाली गली नंबर-3 के लोग पिछले करीब तीन साल से सीवर लाइन और सड़क निर्माण की समस्या से परेशान हैं। गली में करीब 300 फीट सीवर लाइन डाली जानी है, लेकिन जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से काम पूरा नहीं किए जाने के कारण नगर परिषद भी सड़क का निर्माण नहीं करवा पा रही है। इससे गली की हालत बदहाल बनी हुई है और लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। समस्या से नाराज लोगों ने बुधवार रात गली में एकत्रित होकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में महिलाओं समेत काफी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी जगदीश कुमार ने बताया कि वह पिछले तीन साल से जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि कभी मजदूर उपलब्ध नहीं होने की बात कही जाती है तो कभी काम की मंजूरी नहीं होने का हवाला दिया जाता है। उन्होंने कहा कि गली में सड़क निर्माण नहीं होने के कारण आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। गली दो वार्डों के बीच होने के कारण दोनों तरफ के पार्षद भी जिम्मेदारी लेने से बच रहे हैं। लोगों ने चेतावनी दी कि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे धरना शुरू करेंगे और मुख्यमंत्री से मिलकर शिकायत करेंगे। जिंदगी संस्था के अध्यक्ष हरदीप सिंह ने कहा कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि विकास के बड़े-बड़े दावे करते हैं, लेकिन लोगों की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए कोई आगे नहीं आ रहा। उन्होंने प्रशासन से जल्द सीवर लाइन का काम पूरा करवाकर गली का निर्माण करवाने की मांग की।