भिवानी। कांग्रेस जिला शहरी अध्यक्ष प्रदीप गुलिया जोगी के खिलाफ नगर परिषद सफाई कर्मचारियों के आंदोलन के दौरान कूड़े पर कथित तौर पर बीजेपी का झंड़ा लगाने को लेकर हुई एफआईआर के विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। वीरवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घंटाघर चौक पर बीजेपी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेता देवराज महता व जेपी कौशिक ने कहा कि षडयंत्र के तहत कांग्रेस जिला शहरी अध्यक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उस पर नाजायज दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्राथमिकी दर्ज राजनीति से प्रेरित हैं। कांग्रेस नेताओं ने तत्काल प्रभाव से एफआईआर को निरस्त करने की मांग की है।