बवानीखेड़ा। बवानीखेड़ा पुलिस ने शुभम हत्याकांड में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को पांचों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर उनका दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। इस दौरान हत्या से जुड़े मामले में आरोपियों से विस्तृत पूछताछ की जाएगी। वहीं पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में भी जुटी है। हत्या की वजह इंस्टाग्राम पर पुरानी रंजिश को लेकर हुई कहासुनी बताई जा रही है। गांव जमालपुर निवासी साहिल ने बवानीखेड़ा पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह ड्राइवरी का काम करता है। उसका 20 वर्षीय भाई शुभम एक नवंबर की रात करीब 9 बजे अपने दोस्तों के साथ गाड़ी में बैठकर गया था। शिकायतकर्ता के अनुसार जब उसका भाई शुभम गाड़ी से नीचे उतरा तो वहां पहले से मौजूद युवकों ने उस पर लाठी-डंडों व अन्य हथियारों से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान शुभम को गंभीर चोटें आईं। झगड़े के बाद उसके भाई को उपचार के लिए जमालपुर से हिसार के आधार अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। शिकायत के आधार पर थाना बवानीखेड़ा में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भिवानी द्वारा पुलिस टीमों को आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए थाना बवानीखेड़ा के प्रभारी उप निरीक्षक सुरेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शुभम हत्याकांड में पांच आरोपियों राहुल, नसीब, पोनी उर्फ पवन, रोहित व शनि सभी निवासी जमालपुर को गांव जमालपुर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मंगलवार को आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया है। पुलिस प्रवक्ता अभिषेक यादव ने बताया कि रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से वारदात के संबंध में गहनता से पूछताछ की जाएगी तथा वारदात में अन्य साक्ष्यों के संबंध में जानकारी जुटाई जाएगी। वहीं, वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।