भिवानी। जिले में गंभीर वायु प्रदूषण के बढ़ते खतरे और लगातार गिरते वायु गुणवत्ता सूचकांक को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों के स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए एक विशेष चिकित्सकीय एडवाइजरी जारी की है। भिवानी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रघुवीर शांडिल्य ने चेतावनी दी है कि वर्तमान में हवा का एक्यूआई 350 से 400 के खतरनाक स्तर पर पहुंच चुका है, जिससे हवा में मौजूद पीएम 2.5, पीएम 10, सल्फर डाइऑक्साइड और नाइट्रोजन जैसे सूक्ष्म हानिकारक तत्व सांस के जरिए सीधे शरीर के भीतर पहुंचकर हर अंग को गंभीर नुकसान पहुंचा रहे हैं। इस जहरीले वातावरण के लगातार संपर्क में रहने से लोगों की जीवन प्रत्याशा में 10 से 15 साल तक की भारी कमी आ रही है, जो कि मानव स्वास्थ्य के लिए एक बहुत बड़ी चेतावनी है। सीएमओ ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी एडवाइजरी के अनुसार इस गंभीर स्थिति में संवेदनशील समूहों को विशेष सावधानी बरतने की सख्त जरूरत है। पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों, 65 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों, अस्थमा, सीओपीडी और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से पीडित मरीजों के लिए यह प्रदूषित हवा जानलेवा साबित हो सकती है, इसलिए उन्हें विशेष रूप से घरों के भीतर ही रहने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही विजिबिलिटी कम होने और हवा की गुणवत्ता बेहद खराब होने के कारण सुबह और शाम के समय खुले में टहलने तथा भारी शारीरिक व्यायाम से पूरी तरह बचने के लिए कहा गया है, क्योंकि तेज सांस लेने से दूषित हवा फेफड़ों में गहराई तक उतर जाती है।