अंबाला। छठ महापर्व पर घर लौटने वाले यात्रियों का सैलाब उमड़ने से रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में हालात बेकाबू हो गए हैं। बिहार और पूर्वांचल की ओर जाने वाली प्रमुख ट्रेनों—जनसेवा और आम्रपाली एक्सप्रेस—में स्थिति सबसे ज्यादा खराब है। प्लेटफॉर्म पर ट्रेन के पहुंचते ही डिब्बों में चढ़ने के लिए यात्रियों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हो रही है। जनरल कोचों में तिल रखने तक की जगह नहीं बची है, जिसके चलते सैकड़ों यात्री अपनी जान जोखिम में डालकर कोच के दरवाजों पर लटक कर सफर करने को मजबूर हैं। भीड़ का दबाव इतना अधिक है कि अनारक्षित यात्री अब स्लीपर के साथ-साथ एसी व अन्य आरक्षित कोचों में भी जबरन घुस रहे हैं। इससे कंफर्म टिकट वाले यात्रियों को भारी परेशानी और असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे के तमाम दावों के बावजूद भीड़ नियंत्रण के इंतजाम नाकाफी साबित हो रहे हैं।