देश के इतिहास में जब भी बदलाव की जरूरत पड़ी है, युवाओं ने आगे बढ़कर नेतृत्व किया है। आज भी लोकतंत्र की मजबूती और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। यह बात भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा ने आईआईएमटी कॉलेज में आयोजित लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ कार्यक्रम के तहत युवा एवं विद्यार्थी संवाद में कही। उन्होंने भगवान राम, श्रीकृष्ण, चंद्रगुप्त मौर्य, वीर सावरकर, मंगल पांडे, चंद्रशेखर आजाद और रानी लक्ष्मीबाई का उदाहरण देते हुए कहा कि इन सभी ने अपने साहस और संघर्ष से इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान बनाया। उन्होंने कहा कि युवा केवल व्यवस्था में बदलाव की अपेक्षा न करें, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी भी निभाएं। युवाओं की जिम्मेदारी है कि बहनों और बेटियों को समाज में उतना ही सुरक्षित माहौल मिले, जितना वे अपने घर में महसूस करती हैं। इसके लिए सम्मानजनक व्यवहार और सामाजिक संवेदनशीलता जरूरी है। उन्होंने नोएडा की स्थापना और आपातकाल के दौर का जिक्र करते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों की अहमियत बताई। साथ ही एसआईआर के मुद्दे पर युवाओं से जागरूक रहने और तथ्यों को समझने की अपील की। भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा कि युवाओं एवं विद्यार्थियों से लोकतंत्र की मजबूती, संवैधानिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर विचार साझा किए। जागरूक युवा ही सशक्त लोकतंत्र और विकसित भारत की पहचान हैं।इस मौके पर भाजपा पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री सुखविंदर सिंह सोम व आईआईएमटी संस्थान के प्रबंध निदेशक डॉ. मयंक अग्रवाल उपस्थित रहे।