छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 25 नवंबर को रायपुर के एक निजी होटल में हुए ‘स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स’ को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि इस आयोजन को निजी बताया गया, बाद में वह आयोजन सरकारी निकला। इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से कंटेंट क्रिएटर और इंफ्लुएंसर को बुलाया गया था। अवार्ड कार्यक्रम की इनाम राशि 10 लाख रुपये रखी गई थी। कार्यक्रम ख़त्म होने के बाद सोशल मीडिया में अचानक से कंटेंट क्रिएटर और इंफ्लुएंसर का गुस्सा दिखाई दिया। उन्होंने वीडियो बनाकर डाले और सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। हमने भी सोशल मीडिया पर उसे शेयर किया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के बाद एक पीआर एजेंसी ने जनसंपर्क विभाग की ओर से बनाई प्रेस रिलीज को आगे कर कहा कि यह आयोजन सरकारी नहीं बल्की निजी कार्यक्रम था। इसमें कहा गया कि यह आयोजन कार्यक्रम पूर्णतः निजी था। इसके लिए छत्तीसगढ़ शासन से कोई वित्तीय सहयोग नहीं लिया गया। कार्यक्रम में सहयोगी के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के प्रतीक चिह्न का उपयोग किया गया था । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को युवाओं से संवाद के लिए आमंत्रित किया गया था। पुरस्कारों के लिए हमारी कंपनी ने पारदर्शी चयन प्रक्रिया अपनाई थी, जिसका विवरण आयोजन की आधिकारिक वेबसाइट innovatecg.in पर पहले से प्रकाशित किया गया था। मतदान और चयन प्रक्रिया से संबंधित जानकारी भी वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई थी। विजेताओं को उनके द्वारा उपलब्ध कराए गए बैंक विवरण के आधार पर पुरस्कार राशि का भुगतान कर दिया गया है। यह वेबसाइट कल रात के अंधेरे में हटा ली गई। यह वही वेबसाइट है जिस पर कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आवेदन आमंत्रित हुए थे। इसी पर वोटिंग हुई थी और इसी पर वोटिंग के परिणाम दिखाई दे रहे थे। लेकिन यह वेबसाइट हटाई क्यों गई? क्योंकि जल्दबाज़ी में इस बड़े घोटाले को ढकने के लिए प्रेस रिलीज़ के ज़रिए निजी कार्यक्रम तो बता दिया गया लेकिन यह देखना भूल गए कि जिस वेबसाइट का जिक्र उन्होंने किया है उस पर तो छत्तीसगढ़ सरकार लिखा हुआ है। यह वेबसाइट इस बात की पुष्टि करती है कि यह वेबसाइट भी सरकारी है और आयोजन भी सरकारी।