उत्तरी कश्मीर में भाजपा के दो और युवा नेताओं ने दिया इस्तीफा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तरी कश्मीर में भाजपा के दो और युवा नेताओं ने गुरुवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया। बांदीपोरा जिले में भाजपा युवा नेता वसीम बारी और उनके परिवार के दो सदस्यों की आतंकियों द्वारा की गई हत्या के बाद पिछले करीब एक सप्ताह के भीतर भाजपा के चार युवा नेता इस्तीफा दे चुके हैं। इनमें से कुछ ने सुरक्षा को कारण बताया है तो किसी ने पार्टी से अपनी निजी नाराजगी का बहाना जता दूरी बना ली है।
यह भी पढ़ेंः जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी, मारा गया जैश का वालिद, आईईडी एक्सपर्ट था ये आतंकी
आने वाले कुछ दिनों में और इस्तीफे देखने को मिल सकते हैं क्योंकि आतंकी संगठनों की धमकी से इनमें खौफ दिख रहा है। गत रविवार को वसीम बारी के घर पर गए राष्ट्रीय महासचिव राम माधव ने हर भाजपा नेता को सुरक्षा मुहैया करवाने की मांग की थी। इसके बावजूद भी भाजपाइयों में कहीं न कहीं जान का खतरा बना हुआ है जिसके चलते वह इस्तीफा दे रहे हैं।
इस बीच कुछ महीने पहले भाजपा में शामिल होने वाली हंदवाड़ा की सामाजिक कार्यकर्ता मुबीना बानो ने गुरुवार को भाजपा से इस्तीफा देने का एलान कर दिया। मुबीना ने कहा, मैं 2015 से अपने इलाके के लोगों के लिए काम कर रही हूं।
लोगों की मुश्किलें दूर करने के लिए भाजपा में शामिल हुई थी, लेकिन अब तक जमीनी स्तर पर लोगों के कोई मसले हल नहीं हुए। जो पार्टी से उम्मीद थी वह पूरी नहीं हुई। इस बीच ठोकरपोरा हंदवाड़ा के रहने वाले बशीर अहमद मलिक ने भी भाजपा से इस्तीफा दे दिया। वह भी सक्रिय युवा नेता रहे हैं और करीब एक महीना पहले पार्टी में शामिल हुए थे। हालांकि, उन्होंने पार्टी छोड़ने का कारण स्पष्ट नहीं किया।
यह भी पढ़ेंः लद्दाख में जवानों ने दिखाया पराक्रम, राजनाथ ने हथियार उठाकर दिया बड़ा संकेत, देखें तस्वीरें
कुपवाड़ा और बांदीपोरा में दर्जनों कार्यकर्ताओं के इस्तीफे की चर्चा
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा और बांदीपोरा जिलों में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने पार्टी की सदस्यता से भी इस्तीफा दिया है। इससे पहले शनिवार को बारामुला जिले के भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष मारूफ भट ने इस्तीफा दिया था।
उन्होंने अपने इस्तीफे को लेकर कहा था कि हम देश के लिए अपनी जान तो कुर्बान कर सकते हैं लेकिन अपने बच्चों और परिवार वालों की नहीं। उनके अनुसार दो बार उन पर हमला किया गया था लेकिन उन्हें सुरक्षा मुहैया नहीं करवाई गई। इसके अलावा कुपवाड़ा जिले के भाजपा के उपाध्यक्ष आसिफ अहमद ने भी इस्तीफा दे दिया।
इस्तीफों से कोई फर्क नहीं पड़ता : कुरैशी
भाजपा नेताओं के इस्तीफे पर उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के भाजपा के सीनियर नेता जावेद कुरैशी ने कहा कि जिन नेताओं ने भी इस्तीफा दिया है, उन्होंने खतरे के चलते नहीं बल्कि पारिवारिक मसलों के चलते दिया है। यह कोई बड़े नेता नहीं थे, हाल ही में कुछ महीने पहले पार्टी में शामिल हुए थे।
उन्होंने कहा कि यह कोई बड़ा मसला नहीं है, इससे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। उन्होंने कहा कि हम पिछले तीन दशक से यह सब देखते आ रहे हैं। हमें कोई डर नहीं है। जमीनी स्तर पर जुड़े हमारे कार्यकर्ता हर घर तक भाजपा के मिशन को पहुंचाने के लिए काम कर रहे हैं।