चंदौली: ओवरफ्लो हुआ लतीफशाह बांध, जान की परवाह किए बगैर डैम के पास सेल्फी ले रहे युवा
पिछले कई दिनों से पूर्वांचल में बारिश बारिश हो रही है। इससे चंदौली जिले का चकिया स्थित लतीफशाह डैम पानी से लबालब हो गया है। इसके साथ ही यहां लोग घूमने के लिए आते हैं। फिलहाल डैम बारिश के पानी से ओवरफ्लो हो गया है। इस दौरान बांध के पास कुछ लोग जान की परवाह किए बगैर मस्ती करते नजर आ रहे हैं। साथ ही वहां सेल्फी और डांस कर रहे हैं।
पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश से तलीफशाह बांध ओवरफ्लो हो गया है। पानी का बहाव काफी ज्यादा हो गया है और तेजी से नीचे गिर रहा है। पुलिस सुरक्षा के लिए यहां काफी गश्त कर रही है। डैम के पास लोग मस्ती करते नजर आ रहे हैं। इससे बड़ा हादसा होने की संभावना है।
इसके बाद पुलिस ने बांध के पास सख्ती बढ़ा दी है। हर समय गश्त कर रही है, ताकि कोई हादसा न हो। इसके साथ ही पुलिस ने नाव के साथ एक मल्लाह भी तैनात कर दिया है, ताकि कोई अप्रिय घटना हो तो लोगों को बचाया जा सके।
वहीं बारिश के कहर चंदौली पर भी बरपा है। यहां अब तक कच्चे मकानों के ढहने से उसके मलबे में दबकर छह लोगों की जान चली गई। जिले के धीना थाना क्षेत्र के इनायतपुर में रविवार सुबह को बारिश से दीवार ढह गई और उसकी चपेट में आने से किशोर की मौत हो गई। वहीं इससे पहले नियामताबाद ब्लाक के अलीनगर थाना क्षेत्र के बरहुली गांव में शुक्रवार सुबह में मकान की दीवार गिरने से बगल में झोपड़ी में सो रहीं मुनेसरा देवी(70) पत्नी स्व. बल्ली पाल और उनके दो पुत्रों मुरारी पाल(50) और राधे पाल(45) की मौत हो गई।
सैयदराजा के हलुवा गांव में मकान की दीवार गिरने से उमेश की बेटी डिंपल(11) की मौत हो गई और एक लड़की घायल हो गई। चकिया कोतवाली क्षेत्र के मूसाखाड़ गांव में कच्ची दीवार गिरने से विफनी देवी(52) की मौत हो गई। कंदवा, चकिया तथा अन्य इलाकों में 10 कच्चे मकान ढह गए। चकिया-अहरौरा मार्ग पर सुबह आठ बजे पेड़ गिरने से ढाई घंटे आवाजाही बाधित रही।