Varanasi News Today: पहचान छिपाकर लड़कियों को घुमाने वाले युवक को जड़े थप्पड़, पुलिस का एक्शन समेत अन्य खबरें
Varanasi News: अस्सी घाट पर एक मुस्लिम युवक को पकड़कर थप्पड़ मारने का आरोप है। उसे लोगों ने हिंदू लड़कियों को प्रेमजाल में फंसाकर घुमाने का आरोप लगाकर पकड़ा था। इसका वीडियो वायरल होने के बाद एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार मौके पर जांच के लिए पहुंचे।
विस्तार
अस्सी घाट पर हिंदू लड़कियों को प्रेमजाल में फंसाकर घुमाने का आरोप लगाकर लोगों ने एक मुस्लिम युवक को पकड़ लिया। आरोप है कि युवक को थप्पड़ भी मारे गए। शुक्रवार को घटना का वीडियो भी वायरल हुआ। वीडियो वायरल होने के बाद एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार मौके पर जांच के लिए पहुंचे। हालांकि, थाने में किसी तरह की कोई तहरीर नहीं दी गई है।
एक हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने वीडियो में दावा किया कि धर्म और नाम बदलकर बरेली का एक युवक दो लड़कियों को अस्सी घाट पर घुमा रहा था। कार्यकर्ताओं का कहना था कि लड़कियों को भी यह जानकारी नहीं थी कि युवक मुस्लिम है। युवक ने उन्हें अपना नाम गौरव कुमार बताया था। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने पकड़े गए युवक से माफी मंगवाई और उसका वीडियो भी बनाया। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि मामले में संबंधित युवक से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल किसी तरह की कोई तहरीर नहीं मिली है।
महिला का वीडियो वायरल करने व जान से मारने की धमकी देने के मामले में प्राथमिकी दर्ज
शिवपुर थाना क्षेत्र में महिला का आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी अरुण कुमार कुशवाहा ने उसका नहाते समय वीडियो बना लिया था। 12 मई की शाम महिला ने देखा कि आरोपी ने अपने व्हाट्सएप डीपी पर उसका फोटो और वीडियो लगा रखा है। इसके बाद परिचितों के फोन आने लगे, जिससे वह घबरा गई। महिला के अनुसार विरोध करने पर आरोपी ने अन्य वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने आरोपी की व्हाट्सएप डीपी का स्क्रीनशॉट सबूत के रूप में पुलिस को सौंपा है। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपी अरुण कुमार कुशवाहा निवासी गाजीपुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
मंदिर परिसर में नशा करने से रोकने पर पुजारी से मारपीट
शिवपुर थाना क्षेत्र के परमानंदपुर स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के पुजारी के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने दो नामजद समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पंचमुखी हनुमान मंदिर के पुजारी स्वामी शशिकांतानंद गिरी का आरोप है कि वह मंदिर में पूजा कर रहे थे। इसी दौरान मंदिर परिसर के बाहर शोर-शराबा और गाली-गलौज की आवाज सुनाई दी। बाहर निकलने पर उन्होंने देखा कि सूरज पटेल, विनायक और कुछ अन्य युवक मंदिर के पास बैठकर शराब और गांजे का सेवन कर रहे थे। पुजारी ने जब मंदिर परिसर के समीप नशा करने का विरोध किया और वहां से हटने को कहा तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
ढलाई मिक्सर मशीन का टोचन बरामद, आरोपी गिरफ्तार
ढलाई मिक्सर मशीन में लगा टोचन चोरी करने के आरोप में पुलिस ने दीपक कुमार भारद्वाज को बृहस्पतिवार रात रोहनिया क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी गया टोचन बरामद किया गया है। रोहनिया इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के भुल्लनपुर का निवासी है। केशरीपुर गांव में अशोक कुमार यादव के घर के सामने खड़ी ढलाई मिक्सर मशीन से टोचन चोरी हो गया था। मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर दीपक भारद्वाज को गिरफ्तार किया गया।
ट्रैक्टर-ट्रॉली और कार में टक्कर, एक घायल
कपसेठी थाना क्षेत्र के ककरहवा बाजार के पास शुक्रवार दोपहर गलत दिशा में खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से कार टकरा गई। हादसे में कार चालक राजकुमार पटेल घायल हो गया। पुलिस ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। राजकुमार कार से अपने गांव हित्तापुर जा रहा था। कार में रवि कुमार उर्फ गुड्डू और संगम भी सवार थे। उन्हें मामूली चोटें आईं। कपसेठी थाना प्रभारी विकास कुमार मौर्य ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है। हादसे में कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
रेपियर मशीन का उपकरण चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
लोहता थाना क्षेत्र के धन्नीपुर गांव स्थित एक कारखाने से चोरी गए रेपियर मशीन के उपकरण को पुलिस ने बृहस्पतिवार रात बरामद कर लिया। मामले में आरोपी जयप्रकाश को गिरफ्तार किया गया है। वह रामरायपुर का निवासी है। थानाध्यक्ष दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि कारखाना मालिक श्यामलाल मौर्य ने चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। दयापुर गांव के पास एक कारखाने में छिपाकर रखे गए रेपियर मशीन के कल-पुर्जे और उपकरण बरामद किए गए। आरोपी जयप्रकाश को शुक्रवार को जेल भेज दिया गया।
दहेज उत्पीड़न में पति, ससुर, देवर समेत अन्य पर प्राथमिकी दर्ज
कैंट थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने पति वाहिद कुरैशी, ससुर अजहर उर्फ चच्चा, देवर साजिद कुरैशी और सास रजिया बेगम के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने चारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2022 में उसका निकाह हुआ था। आरोप है कि पति को मिर्गी के दौरे पड़ने की जानकारी छिपाकर शादी कराई गई। शादी के बाद दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। विरोध करने पर मारपीट की गई और घर से निकाल दिया गया। पीड़िता ने देवर पर अश्लील हरकत करने तथा ससुर पर अभद्र व्यवहार करने का भी आरोप लगाया है। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
सरकारी नौकरी लगी तो पांच लाख बढ़ा दी डिमांड, प्राथमिकी दर्ज
बड़ागांव थाना क्षेत्र के महदेपुर गांव निवासी एक व्यक्ति ने बेटी की शादी तय होने के बाद दहेज मांगने और शादी से इन्कार करने का आरोप लगाते हुए छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप है कि फूलपुर थाना क्षेत्र के मछलीगंज निवासी वर पक्ष ने 2 नवंबर 2025 को सगाई, रिंग सेरेमनी व छेका-बरछा कार्यक्रम में पांच लाख रुपये नकद और अन्य सामान लिया था। शादी की तिथि 28 अप्रैल 2026 तय हुई थी, लेकिन कुछ दिन बाद वर पक्ष ने लड़के की सरकारी नौकरी लगने का हवाला देकर पांच लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग कर दी। मांग पूरी न होने पर शादी से इंकार कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस कमिश्नर के आदेश पर बड़ागांव पुलिस ने शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज की। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
ऑटो में छूटा पर्स, पांच लाख के गहने और नकदी गायब
कैंट थाना क्षेत्र में ऑटो से उतरते समय महिला का पर्स छूट गया। पीड़ित परिवार ने पुलिस से पर्स बरामद करने की गुहार लगाई है। बड़ा लालपुर चांदमारी निवासी अभिषेक मिश्रा ने कैंट थाने में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनकी मां सरोज मिश्रा 14 मई की शाम करीब छह बजे भोजूबीर स्थित आरएन सिंह एमएसडी हॉस्पिटल में डॉक्टर को दिखाने और दवा लेने गई थीं। आरोप है कि वापस लौटते समय ऑटो से उतरते वक्त उनका पर्स वाहन में ही छूट गया। पर्स में करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण, पांच हजार रुपये नकद तथा जरूरी दस्तावेज रखे थे। काफी तलाश के बाद भी पर्स नहीं मिला। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि जांच की जा रही है।
बस सेवा से भेजा गया 5 लाख का फोटो कैचर लापता, थाने में शिकायत
सिगरा थाना क्षेत्र के संत रघुवर नगर कॉलोनी निवासी शंकर सोड़ी और भोकार सरल सोड़ी ने बस परिवहन के जरिए भेजे गए करीब 5 लाख रुपये मूल्य के फोटो कैचर के गायब होने की शिकायत पुलिस से की है। पीड़ितों के अनुसार 24 अप्रैल 2026 को मध्य प्रदेश के सागर स्थित परासर फोटो गुड्स से लगभग 5.10 लाख रुपये का फोटो कैचर हंश देवेश बस सेवा से वाराणसी भेजा गया था। 25 अप्रैल को जानकारी लेने पर बस संचालकों द्वारा लगातार टालमटोल किया जाता रहा। आरोप है कि 14 मई को दोबारा संपर्क करने पर बस मालिक ने सामान देने से इनकार कर दिया। बस रोककर पूछताछ करने पर चालक और कंडक्टर ने सामान रास्ते में गुम होने की बात कही। पीड़ितों ने मंडुवाडीह थाने में तहरीर देकर सामान बरामद करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी अजयराज वर्मा ने बताया कि जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
किशोर पर किशोरी को भगाने के आरोप, पकड़ा गया
चौबेपुर क्षेत्र के एक गांव से किशोरी को साथ ले जाने के आरोपी किशोर को पुलिस ने पकड़ लिया। आरोपी किशोर ऑटो से आलू-प्याज बेचने का काम करता था। पुलिस ने किशोरी को बरामद कर मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है। परिजनों के अनुसार 12 मई को किशोरी अचानक घर से लापता हो गई। उसकी काफी खोजबीन की गई, लेकिन पता नहीं चल सका। शुक्रवार को लड़की की मां ने चौबेपुर थाने पहुंचकर तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने अपहरण समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए खोजबीन तेज की गई। शुक्रवार शाम करीब पांच बजे बनकट शिव मंदिर के पास बस का इंतजार कर रहे किशोर और किशोरी को पकड़ लिया गया। आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आगे की विधिक कार्रवाई की गई।
मार्कशीट लेने निकली छात्रा लापता, युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप
बड़ागांव थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 17 वर्षीय छात्रा मार्कशीट लेने निकली तो फिर लौटकर घर नहीं आई। काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने प्राथमिकी दर्ज कराई। परिजनों के अनुसार छात्रा 11 मई की सुबह करीब 10 बजे स्कूल से मार्कशीट लेने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग सका। छात्रा के पिता ने शिवपुर थाना क्षेत्र के बासुदेवपुर गांव निवासी सूरज कुमार के खिलाफ पुत्री को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर छात्रा और युवक की तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही है।
मायका जाने के लिए निकली महिला दो बच्चों के साथ लापता
रोहनिया थाना क्षेत्र के गंजारी निवासी सुनील कुमार पटेल ने अपनी भाभी के दो बच्चों सहित लापता होने की शिकायत पुलिस से की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई तहरीर में सुनील कुमार पटेल ने बताया कि उनकी भाभी गीता देवी, पत्नी कमलेश पटेल, अपने बच्चों शुभम और करिश्मा के साथ 20 दिन पहले मुंबई से गांव आई थीं। 12 मई को वह रमना, लंका स्थित अपने मायके जाने के लिए निकली थीं। आरोप है कि सुनील कुमार पटेल ने उन्हें गंगापुर बाजार से ऑटो पर बैठाया था, लेकिन वह मायके नहीं पहुंचीं। परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां काफी तलाश की, लेकिन महिला और बच्चों का कहीं पता नहीं चल सका। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है और महिला व बच्चों की तलाश के लिए जांच की जा रही है।
महिला कारोबारी के नाम पर करोड़ों का फर्जी जीएसटी कारोबार, सीए पर प्राथमिकी
कैंट थाना क्षेत्र की एक महिला कारोबारी के नाम पर करोड़ों रुपये के फर्जी जीएसटी इनवॉइस और रिटर्न दाखिल करने के मामले में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर सीए समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि जीएसटी पोर्टल का दुरुपयोग कर करीब 19.94 करोड़ रुपये का फर्जी कारोबार दर्शाया गया और इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का गलत लाभ लिया गया।
फुलवरिया निवासी सुप्रिया यादव ने अदालत में दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि उनकी फर्म ‘वाराणसी सिल्क वर्ल्ड’ का जीएसटी संबंधी कार्य आरोपी सीए सोमेश कुमार देखता था। आरोप है कि उसने जीएसटी पोर्टल की यूजर आईडी और पासवर्ड अपने पास रखकर बिना जानकारी के फर्जी रिटर्न और इनवॉइस अपलोड कर दिए। पीड़िता के अनुसार, बाद में दूसरे जीएसटी सलाहकार से जानकारी लेने पर पता चला कि उनकी फर्म के नाम से गुजरात की चार कंपनियों को करोड़ों रुपये के फर्जी इनवॉइस जारी किए गए हैं।
आरोप है कि अप्रैल से जून 2025 के बीच करीब 19 करोड़ 94 लाख 73 हजार 818 रुपये के फर्जी इनवॉइस तैयार किए गए और नौ करोड़ रुपये का काल्पनिक कारोबार दिखाया गया। महिला कारोबारी का आरोप है कि जब उन्होंने इस मामले की शिकायत की तो आरोपी ने अभद्रता करते हुए धमकी भी दी। अदालत के आदेश के बाद कैंट थाना पुलिस ने आरोपी सीए सोमेश कुमार व अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है।
नक्शे की त्रुटियों को कम करने के लिए अब आर्किटेक्ट की मदद लेगा वीडीए
शहर में धड़ल्ले से निर्माण कार्य चल रहा है। अधिकतर लोगों के निर्माण के नक्शे छोटी-छोटी कमियों के कारण पास नहीं हो पाते हैं। त्रुटियों को कम करने के लिए वीडीए आर्किटेक्ट की मदद लेगा। इससे न केवल आम जनता, बल्कि वीडीए की भी समस्याओं का समाधान होगा। इससे को नक्शा पास न होने की समस्या से राहत मिलेगी और वीडीए के पास आने वाली शिकायतों की संख्या में भी कमी आएगी। वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने कहा कि नक्शे ऑनलाइन पास किए जा रहे हैं। सभी आर्किटेक्टों से कहा गया है कि ऑनलाइन फाइल सबमिट करने से पूर्व मैप फैसिलिटी सेल में एक बार ड्रॉइंग की जांच अवश्य करा लें। इससे त्रुटियां कम होंगी, शॉर्टफॉल न के बराबर आएंगे और मानचित्र शीघ्र व सुगमता से स्वीकृत हो सकेंगे।