हवा हुई हीरोपंती: छात्राओं को देख सरेराह गा रहा था गाना, पुलिस ने पकड़ कर हवालात में डाला
वाराणसी के लोहता क्षेत्र स्थित रोहनिया मार्ग तिराहे पर एक युवक महिलाओं और छात्राओं को देख गाना गाने लगा। विरोध पर अश्लील हरकत करने लगा। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
विस्तार
वाराणसी के लोहता क्षेत्र में राह चलते महिलाओं और छात्राओं को देख गाना और आपत्तिजनक हरकत करना एक युवक को महंगा पड़ गया। आरोपी को लोहता पुलिस ने गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश त्रिपाठी के अनुसार सूचना मिली कि रोहनिया तिराहे जाने वाले मार्ग स्थित गुमटी पर खड़े होकर आरोपी महिलाओं और छात्राओं को देख उन्हें कमेंट कर रहा है और गाना गा रहा है कि आजा मेरी रानी ले जा छल्ला निशानी...।
महिलाओं और आसपास के लोगों के विरोध पर अश्लील हरकत करने लगा। इस बीच थाने की ट्रेनी एसआई शिल्पी पांडेय मौके पर पहुंचीं और आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी जंसा के परमंदापुर का रहने वाला अरविंद कुमार वर्मा है। आरोपी के परिजनों के पहुंचने पर उसे हिदायत देते हुए निजी मुचलके पर रिहा किया गया।
दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
कपसेठी पुलिस ने दबेथुआ मोड़ के पास से शुक्रवार की दोपहर दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार किया। कपसेठी पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बुद्धु वनवासी नहवानीपुर का निवासी है, जिसके खिलाफ महिला ने 23 मई को मुकदमा दर्ज कराया था।
पढ़ेंः महंगे शौक पूरा करने के लिए 12वीं का छात्र बना लुटेरा, साथी संग गिरफ्तार, एक फरार
बाइक सवार युवक के अपहरण का आरोप
मड़ियाहू के सुदनीपुर गांव निवासी विपिन मौर्य (25) के अपहरण का आरोप लगाकर परिजन शुक्रवार की शाम फूलपुर थाने पहुंच गए। बाबतपुर चौराहे के पास विपिन की लावारिस हाल में मिली बाइक को पुलिस ने बरामद किया। वहीं, मड़ियाहू में युवक के अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया।
जौनपुर के महियाहूं थाना के सुदनीपुर गांव का निवासी दिनेश मौर्या के अनुसार उनका बेटा विपिन मौर्या बाइक लेकर घर से निकला। कुछ देर बाद विपिन मौर्या के मोबाइल से किसी गाली दी और कहा कि उसकी बाइक एयरपोर्ट पर खड़ी है। बाबतपुर एयरपोर्ट से परिजनों ने बाइक बरामद की। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए मड़ियाहू में मुकदमा दर्ज कराया।
मोबाइल लूट का आरोपी स्कूटी के साथ गिरफ्तार
पांच दिन पूर्व सिगरा स्थित मॉल के पास से युवक का मोबाइल लूटने वाले आरोपी को सिगरा पुलिस ने शुक्रवार को फूल मंडी इंग्लिशिया लाइन के पास से गिरफ्तार किया। लूट की घटना में उपयोग स्कूटी भी बरामद हुई। सिगरा इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार शुभम शर्मा आदमपुर के जेलगुलर का निवासी है। पूर्व में भी मोबाइल लूट की घटना को अंजाम दे चुका है, इसके साथी रज्जब की तलाश की जा रही है।
चोरी की बाइक संग आरोपी गिरफ्तार
चोरी की बाइक के साथ आरोपी को चेतगंज पुलिस ने शुक्रवार को बुद्धा पार्क रामकटोरा के पास से गिरफ़्तार किया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी महेंद्र कुमार निवासी लल्लापुरा ने बताया कि यह बाइक वह 18 अगस्त को पिपलानी कटरा के पास से चोरी की थी। पुलिस के अनुसार यह बाइक चौबेपुर के जयरामपुर निवासी सूरज कुमार की है।
तीन अपराधियों की खुली हिस्ट्रीशीट
लूट, चोरी, धोखाधड़ी समेत अन्य आरोपों में सक्रिय तीन अपराधियों की निगरानी के लिए हिस्ट्रीशीट खोली गई। एसपी ग्रामीण सूर्यकांत त्रिपाठी के निर्देश पर राजातालाब पुलिस ने चंदापुर निवासी सुनील राय, फूलपुर थाने में धरसौना निवासी इजहारूल शाह और कपसेठी पुलिस ने भीषमपुर निवासी अनिकेत राजभर की हिस्ट्रीखोली गई।