युवक को बांधकर पीटा: सिर मुड़वाया, चेहरे पर चूना पोतकर पहनाई जूते की माला, अर्धनग्न कर घुमाया; हालत गंभीर
Sonbhadra News: सोनभद्र में बाजार से घर लौट रहे एक युवक को कथित तौर पर सात लोगों ने पकड़कर बांध दिया। आरोप है कि उसकी पिटाई की गई, सिर मुंडवाकर चेहरे पर चूना पोता गया, जूतों की माला पहनाकर अर्धनग्न अवस्था में घुमाया गया। गंभीर हालत में युवक को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। भाई की तहरीर पर पिता-पुत्र समेत सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं।
विस्तार
UP Crime: सोनभद्र के बभनी थाना क्षेत्र के करकच्छी गांव में बाजार से घर लौट रहे युवक के साथ अमानवीय हरकत किए जाने का मामला सामने आया है। युवक की पहले बांधकर पिटाई की गई। फिर बाल मुड़वाते हुए चेहरे पर चूना पोता गया। जूता-चप्पल की माला पहनाकर पिटाई करते हुए अर्धनग्न हाल में घुमाया गया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। गंभीर हालत में उसे सीएचसी बभनी से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। शुक्रवार को भाई की तहरीर पर बभनी पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दो संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। घटना के पीछे छेड़खानी से जुड़ा विवाद बताया जा रहा है।
थाना क्षेत्र के इकदीरी गांव निवासी सरजू प्रसाद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि बृहस्पतिवार को उनका भाई भोला (27) बाइक से बभनी बाजार गया हुआ था। दोपहर में वह घर लौट रहा था।
आरोप है कि रास्ते में करकच्छी गांव के पास कुछ लोगों ने रोक लिया और पकड़कर एक घर में ले गए। वहां उसकी बांधकर पिटाई की गई। इसके बाद बाल मुड़वाते हुए उसके चेहरे पर चूना पोतकर जूता-चप्पल की माला पहनाई। पीटते हुए अर्धनग्न हालत में गांव घुमाया गया। प्राइवेट पार्ट को भी चोट पहुंचाई गई।
जानकारी मिलने पर परिवार वाले बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी गई। तब युवक को छोड़ा गया। गंभीर हालत में उसे बभनी सीएचसी ले जाया गया, जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। आरोप है कि बृहस्पतिवार को हुई घटना को शुक्रवार की दोपहर बाद तक सामान्य बताकर मैनेज करने की कोशिश होती रही।
आरोपी पक्ष की तरफ से एक महिला ने थाने में तहरीर भी सौंपी। बताया कि तीन वर्ष पहले उसने आरोपी के खिलाफ छेड़खानी व अन्य मामलों में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बावजूद आरोपी आए दिन इस तरह की हरकत कर रहा था। बृहस्पतिवार को भी उसके घर पहुंचकर गाली गलौज किया था।
सामने आई वीडियो तब शुरू हुई मामले में कार्रवाई
शुक्रवार को दोपहर बाद घटना का वीडियो सामने आया तो सीओ दुद्धी वीपी साहनी ने एसपी को अवगत कराते हुए प्रभारी निरीक्षक बभनी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके बाद पीड़ित के बड़े भाई सूरज की तहरीर पर करकच्छी निवासी अजय, उसके पिता राजेंद्र, पंकज, चिंता देवी पत्नी अयोध्या, राजेंद्र की पत्नी, पुत्री और अजय की पत्नी के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी सहित अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। प्रकरण में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही थी।
जैसे ही मामला संज्ञान में आया, तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए। प्रकरण में प्राथमिकी दर्ज करने के साथ ही आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश देने में लगी हुई हैं। - विनय प्रभाकर साहनी, सीओ दुद्धी।