UP: वाराणसी में युवक की सिर में गोली मार कर हत्या, पट्टीदार से चल रहा था विवाद; एक हफ्ते पहले हुई थी पंचायत
Varanasi News: वाराणसी के सिंधोरा थाना क्षेत्र के मझवा गांव में पुरानी पट्टीदारी रंजिश में 22 वर्षीय सौरभ सिंह की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपित फरार हैं और उनकी तलाश में दबिश जारी है।
विस्तार
Varanasi Crime: सिंधोरा थाना क्षेत्र के मझवा गांव में गुरुवार रात पुरानी रंजिश को लेकर 22 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपितों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पट्टीदारी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।
मृतक की पहचान सौरभ सिंह (22) पुत्र लालू सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सौरभ का अपने पट्टीदारों से लंबे समय से विवाद चल रहा था। करीब पखवाड़े भर पहले सौरभ का रिशु के माता-पिता से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था।
बताया गया कि गुरुवार रात करीब 9:15 बजे सौरभ अपने घर के सामने खड़ा था। इसी दौरान आरोपितों ने उसे बुलाया। जैसे ही वह उनके पास पहुंचा, उसके सिर में गोली मार दी गई। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में उसे उपचार के लिए सिंधोरा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सिंधोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए।
थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी पट्टीदारी रंजिश का सामने आया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है।