वाराणसी: पारिवारिक कलह में युवक ने फांसी लगाकर दी जान, कैंट क्षेत्र में सड़क किनारे मिला अज्ञात अधेड़ का शव
सारनाथ के टडिया चक बीही पुराना पुल क्षेत्र में बीती रात एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
विस्तार
सारनाथ के टडिया चक बीही पुराना पुल क्षेत्र में बीती रात एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, युवक की पत्नी पारिवारिक विवाद में दो दिन पूर्व मायके चली गई थी। इसी बात से नाराज युवक ने खौफनाक कदम उठा लिया।
टडिया चकविही निवासी वीरेंद्र कुमार उर्फ छोटू (27) टाइल्स लगाने का काम करता था। बीते साल ही उसकी शादी लेढ़ुपुर निवासी नगीना से हुई थी। विवाह के बाद से ही पति-पत्नी में अक्सर विवाद होता रहता था। पारिवारिक कलह के चलते बीते शुक्रवार को पत्नी नगीना अपने मायके चली गई थी।
इसी बात से नाराज वीरेंद्र रविवार रात अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंचे पुरानापुल चौकी प्रभारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
ठंड से अधेड़ की मौत
कैंट क्षेत्र के मिंट हाऊस नदेसर स्थित एक दुकान के सामने सोमवार सुबह अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। सूचना पर पहुंची कैंट पुलिस ने शव के पास मिले सामानों की तलाशी ली। मगर एक भी ऐसा समान नहीं मिला जिससे उसकी शिनाख्त हो।
प्रभारी कैंट अजय कुमार सिंह के अनुसार मृतक भीक्षा मांग कर अपना भरण-पोषण करता था। उसकी तलाशी में उसके पास से कोई भी ऐसा सामान नहीं मिला जिससे उसकी पहचान की जा सके। आशंका है कि ठंड लगने से मौत हुई है। हालांकि शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने की कोशिश जारी है।