विश्व पर्यटन दिवस: कई देशों के अर्थव्यवस्था की धुरी है पर्यटन- डॉ. नीलकंठ
पर्यटन कई देशों की अर्थव्यवस्था की धुरी है, विभिन्न संस्कृतियों से परिचय पर्यटन के जरिये सरल हो जाता है। इसके साथ ही एक यात्री के अपने मेजबान से बेहतर मेल मिलाप का भी कारण बनता है। यह बातें पर्यटन मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने सोमवार को दशाश्वमेध स्थित मानमहल आब्जर्वेटरी में बतौर मुख्य अतिथि कहीं।
विश्व पर्यटन दिवस पर विप्र फाउंडेशन की ओर से सम्मान समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया। इसमें पंडित किशोरी रमण दूबे (संस्थापक, गंगोत्री सेवा समिति), शशिधर इस्सर (वरिष्ठ रंगकर्मी), विजय द्विवेदी (होटल व्यवसायी), अनिल सिंह (असिस्टेंट आर्कियोलॉजिस्ट, भारतीय पुरात्तव सर्वेक्षण), मंजरी मालवीय (संचालिका, अलकनंदा क्रूज), अभिषेक शर्मा (टूरिस्ट गाइड), अखिलेश प्रताप सिंह (पर्यटक), मंटू उपाध्याय (पर्यटक) आदि थे।
गंगा की लहरों पर उतरा फेरी क्रूज, स्कूली बच्चों ने उठाया लुत्फ
गोवा शिपिंग यार्ड से आया दस करोड़ के दो मंजिला क्रूज फेरी सोमवार सुबह गंगा की लहरों पर उतरा। रविदास घाट से पर्यटन मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने फेरी क्रूज को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान क्रूज में विभिन्न स्कूली बच्चों को रविदास घाट से राजघाट तक गंगा दर्शन भी कराया गया।
सारनाथ में पर्यटकों का हुआ पुष्प देकर स्वागत
विश्व पर्यटन दिवस पर पर्यटन स्थल सारनाथ में पर्यटकों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। पर्यटन विभाग द्वारा संचालित राही पर्यटक आवास गृह मेें भिक्षु नवांग व भिक्षु लोबसंग फलको को कर्मचारियों ने सम्मानित किया। मौके पर आरडी अग्रवाल, नरेन्द्र यादव, मदन, अन्य कर्मचारी थे। वहीं, सारनाथ संग्रहालय के पास सारनाथ टूरिस्ट गाइड एसोसिएशन ने सैलानियों का सम्मान किया।
एयरपोर्ट पर मना विश्व पर्यटन दिवस
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण व वाराणसी टूरिज्म गिल्ड की ओर से एयरपोर्ट पर आने वाले यात्रियों का तिलक और माला पहनाकर स्वागत किया गया। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। इस दौरान एयरपोर्ट निदेशक अर्यमा सान्याल ने अंग वस्त्रम देकर कलाकारों को सम्मानित किया।