वाराणसी-बलिया रूट से जाने के बजाय पीडीडीयू जंक्शन पहुंची श्रमिक ट्रेन, स्टेशन पर हंगामा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रवासी श्रमिकों को उनके घर तक पहुंचाने के लिए चलाई जा रही श्रमिक स्पेशल ट्रेनों में बदइंतजामी से गुस्साए रविवार को दूसरे दिन भी चंदौली जिले के पीडीडीयू रेलवे स्टेशन पर हंगामा किया। यात्रा के दौरान भोजन-पानी नहीं मिलने और ट्रेन का रूट बदलने से नाराज होकर श्रमिक जंक्शन पर ही उतर गए।
इसके चलते एक घंटे तक गाड़ी प्लेटफार्म-4 पर रूकी रही। कड़ी मशक्कत के बाद रेल प्रशासन और जीआरपी एवं आरपीएफ ने उन्हें शांत कराया। बाद में ट्रेन में पानी भरने के बाद श्रमिक शांत हुए और ट्रेन आगे के लिए रवाना हुई।
सूरत से श्रमिकों को लेकर स्पेशल ट्रेन रविवार दोपहर लगभग 12 बजे प्लेटफार्म संख्या चार पर पहुंची। इस ट्रेन को वाराणसी से बलिया रूट से होकर सिवान बिहार जाना था, लेकिन अचानक रूट बदलने से ट्रेन पीडीडीयू जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या चार पर पहुंची। यहां यात्रियों ने ट्रेन में पानी न होने की शिकायत की। कोई सुनवाई नहीं हुई तो कुछ यात्री प्लेटफार्म पर नीचे उतर आए।
स्टेशन पर तैनात कर्मियों ने ऐसा करने से रोका तो यात्री उग्र हो गए और हंगामा करने लगे। सभी यात्री प्लेटफार्म पर उतर आए और नारेबाजी शुरू कर दी। यात्रियों के हंगामा को देखते हुए जीआरपी, आरपीएफ मौके पर पहुंच गई और यात्रियों को समझा बुझाकर शांत कराया। इसके बाद ट्रेन में पानी भरा गया और इसके बाद ट्रेन करीब एक घंटे रूकने के बाद आगे के लिए रवाना हुई।
इसके पहले भी शुक्रवार की रात और शनिवार की भोर में अलग-अलग ट्रेनों के यात्रियों ने हंगामा किया था। यही नहीं शुक्रवार की सुबह बिहार जा रही श्रमिक स्पेशल ट्रेन के प्यासे यात्रियों ने प्लेटफार्म-1 पर रखी पानी की बोतलें लूट ली थीं।