UP: बेरहम पति की पिटाई से चिखती रही पत्नी, 30 मिनट बाद थम गईं सांसें; हत्या के बाद भागा आरोपी
Azamgarh News: महिला की पीट कर हत्या की जानकारी मिलते ही निजामाबाद थाने की पुलिस माैके पर पहुंची। पड़ोसियों से पूछताछ करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इसके साथ ही आरोपी पति की तलाश भी की जा रही है।
विस्तार
UP Crime News: आजमगढ़ के निजामाबाद थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने अपनी पत्नी की हत्या कर शव को घर में बंद कर दिया और फरार हो गया। घटना की जानकारी लोगों ने पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की और आरोपी पति की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, रसीदगंज पुलिस चौकी की ग्राम पंचायत रानीपुर के मिल्कीपट्टी गांव निवासी अर्जुन बनवासी ने अपनी पत्नी चिंता देवी (22) की बीती रात हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने शव को चारपाई पर कंबल से ढककर कमरे का दरवाजा बंद कर दिया और मौके से फरार हो गया।
लोगों ने बताया कि रात में पति-पत्नी के बीच विवाद और मारपीट की आवाजें सुनाई दी थीं, लेकिन कोई भी बीच-बचाव के लिए आगे नहीं आया। आरोपी शराब के नशे में था और उसने पत्नी के साथ जमकर मारपीट की, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। सुबह मामले की जानकारी ग्राम प्रधान ने पुलिस को दी।
परिजनों में मचा कोहराम
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सदर, थाना प्रभारी निजामाबाद और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि अर्जुन बनवासी की यह दूसरी शादी थी, जो पारिवारिक परंपरा के अनुसार कराई गई थी। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
सीओ सदर आस्था जायसवाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा और आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। आरोपी पति की तलाश की जा रही है।