Weather Update: वाराणसी समेत पूर्वांचल में तप रही धरती तड़प रहे लोग, सनबर्न का बढ़ा खतरा, पारा 44 के करीब
मौसम में उतार-चढ़ाव के बीच गर्मी से लोगों को अभी भी राहत नहीं मिल रही है। सुबह से ही धूप तेज रही और दोपहर में गर्म हवाएं चल रही हैं। वाराणसी में अधिकतम तापमान अब 44 डिग्री की ओर है।
विस्तार
वाराणसी समेत आसपास के जिलों में तीखी धूप और गर्म हवाओं ने आमजन को बेहाल कर रखा है। आलम ये है कि सुबह से ही गर्म हवाएं चलने लगी हैं। दिन की धूप पूरे बदन को झुलसा दे रही है। दिन में लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो जा रहा है। शाम को भी राहत नहीं मिल पा रही है। चिलचिलाती धूप से सनबर्न का खतरा बढ़ गया है।
सोमवार को अधिकतम तापमान बढ़कर 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। चिलचिलाती धूप ने हर किसी को बेहाल कर रखा है। सड़कों पर पसरा सन्नाटा इस बात का गवाह कि गर्मी अपने चरम सीमा पर है। ज्यादातर लोग घर से बाहर निकलने से परहेज कर रहे हैं और जो निकल भी रहे है, उनकी इस कड़ी धूप में हालत पस्त हो जा रही है।
उमस ने किया जीना मुहाल
बीते कुछ दिन से पारा रोजाना 42-43 डिग्री के पार जा रहा है। वहीं, हवा में नमी बढ़ने से अब शाम तक उमस भी महसूस होने लगी है। ऐसे में लोगों का जीना दूभर हो गया है। ऐसे मौसम में बनारस घुमने आने वाले पर्यटकों के भी पसीने छूट रहे है। गर्मी के मारे पर्यटक भी दोपहर में घूमने से परहेज कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: 14 साल पुराने मामले में बढ़ेंगी माफिया मुख्तार की मुश्किलें, गैंगस्टर केस में आज आएगा फैसला
सोमवार को अधिकतम आर्द्रता 39 और न्यूनतम 30 प्रतिशत रही। अधिकतम तापमान भी बढ़कर 43.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया जबकि न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि फिलहाल गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं। इस सप्ताह 13 से 15 जून तक हीटवेव चलने के आसार हैं। तापमान और बढ़ सकता है।