VDA Varanasi: अवैध प्लॉटिंग करने वालों की कुंडली तैयार करवा रहा वीडीए, कॉलोनाइजर्स पर भी होगी कार्रवाई
वाराणसी में अब वीडीए की टीम कॉलोनाइजर्स पर नजर रखेगी। अवैध प्लॉटिंग करने वालों की सूची तैयार करवाकर इन पर एक्शन लिया जाएगा। इसके साथ ही टीम ने अवैध निर्माण पर कार्रवाई की।
विस्तार
Varanasi News: अवैध प्लॉटिंग करने वालों की वीडीए कुंडली तैयार करवा रहा है। कॉलोनाइजर्स पर विशेष नजर है। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने बताया कि वाराणसी विकास क्षेत्र के तहत भू-स्वामी, कॉलोनाइजर्स वीडीए से लेआउट स्वीकृत कराएं। ऐसा नहीं करने पर उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम की धारा-14 का उल्लंघन माना जाएगा।
बताया कि वीडीए की बिना अनुमति या कानूनी प्रक्रिया का पालन किए जमीन को छोटे-छोटे टुकड़ों में विभाजित कर विक्रय कर दिया जाता है। अवैध प्लॉटिंग में कॉलोनाइजर्स की ओर से मास्टर प्लान में उल्लिखित भू-प्रयोग व न्यूनतम आकार का उल्लंघन कर बुनियादी अवस्थापना सुविधाओं पर ध्यान नहीं दिया जाता है।
सीवर, पेयजल, सड़क, बिजली, पार्क और हरित क्षेत्र को विकसित किए बिना अनियमित नियोजन और विकास किया जाता है। अवैध प्लॉटिंग से कृषि भूमि और प्राकृतिक आवासों को क्षति होने के कारण पर्यावरण को नुकसान होता है। अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ वीडीए की प्रवर्तन इकाई की ओर से समय-समय पर विधिक प्रक्रिया का पालन कर तोड़फोड़ की कार्रवाई की जाती है।
तीसरे तल का अवैध निर्माण वीडीए ने कराया ध्वस्त
वीडीए की ओर से बुधवार को अवैध निर्माण पर कार्रवाई की गई। जोनल अधिकारी शिवाजी मिश्रा की ओर से सिकरौल वार्ड में तीसरे तल का अवैध निर्माण ध्वस्त कराया गया। लल्लूराम ने 383 वर्गमीटर क्षेत्रफल में दो तल का शमन मानचित्र स्वीकृत कराया था। इसके विपरीत तीसरे तल का अनधिकृत रूप से निर्माण करवा रहे थे। जिस पर वीडीए ने कार्रवाई की।
प्रमाणपत्र के लिए वीडीए उपाध्यक्ष ने किया निरीक्षण
वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने तीन आराजी नंबर पर बने ग्रुप हाउसिंग सूरज पैराडाइज के कंप्लीशन सर्टिफिकेट के लिए पिंडरा के धनेसरी का निरीक्षण किया। बेसमेंट, ग्राउंड के अलावा छह तल के हाउसिंग में 65 फ्लैट हैं। वीडीए उपाध्यक्ष ने बेसमेंट में डबल स्टैक पार्किंग, एसटीपी, भूतल पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, छठवें तल पर सोलर सिस्टम को देखा। इस दौरान, नगर नियोजक प्रभात कुमार, सहायक नगर नियोजक सौरव जोशी, जोनल अधिकारी शिवाजी मिश्रा और अवर अभियंता रोहित कुमार मौजूद रहे।