Varanasi Weather: इस सीजन का सबसे घना कोहरा, रात भी सर्द रही, 25 मीटर आगे तक नहीं दिखी सड़क
Varanasi Weather Update: वाराणसी जिले में ठंड का कहर जारी है। सोमवार को लगातार छठवां दिन बनारस में अति शीत दिवस घोषित किया गया। इस सीजन का सबसे घना कोहरा छाया रहा और रात भी सर्द रही। वहीं कोहरे के चलते 25 मीटर आगे तक सड़क नहीं दिखी।
विस्तार
Varanasi Weather News: इस सीजन का सबसे घना कोहरा सोमवार को छाया। सुबह 4 बजे से नौ बजे तक दृश्यता 25 मीटर से भी कम रही। सड़क पर आगे चलना मुश्किल हो गया। दूसरी तरफ, सोमवार इस सीजन की सबसे सर्द रात रही। जो न्यूनतम तापमान रविवार को 9.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था, वह सोमवार को लुढ़क कर 8.5 डिग्री सेल्सियस हो गया। यह तापमान सामान्य 8.5 डिग्री सेल्सियस कम है। 24 घंटे में ही तापमान 1.3 डिग्री नीचे आया है। 10 साल में आठवीं बार दिसंबर महीने में सबसे कम तापमान रिकॉर्ड किया गया। लगातार छठवें दिन काशी में अति शीत दिवस घोषित किया गया।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक पूरे सप्ताह घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। हालांकि जिले में कोई बड़ी चेतावनी नहीं जारी की गई है। अधिकतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 6.8 डिग्री कम है। रविवार को यही तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस था।
इसे भी पढ़ें; School Closed: वाराणसी में बंद हुए कक्षा पांच तक के सभी स्कूल, बीएसए ने जारी किया आदेश; जानें कब खुलेंगे
कोहरे की वजह से सुबह 10 बजे दृश्यता 100 मीटर और दोपहर 12 बजे तक 200 मीटर तक आ गई, फिर रात 10 बजे तक दृश्यता 50 मीटर से भी कम रिकॉर्ड की गई। रात दस बजे के बाद दृश्यता 25 मीटर से भी कम हो गई। सोमवार को ठंड इतनी ज्यादा थी कि लोग बहुत बच-बचकर बाहर निकले।
जेट स्ट्रीम का प्रभाव जारी
यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ की गतिविधियों में तेजी और कमी आ रही है। पश्चिमी जेट स्ट्रीम का प्रभाव अभी भी उत्तर तक बना हुआ है। तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है लेकिन घने कोहरे से निजात मुश्किल दिख रही है।