मौसम अपडेट: सुबह होते ही सताने लगी गर्मी, आज 40 के करीब पहुंत सकता है पारा
वाराणसी में सोमवार को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। जहां दो-तीन दिनों से दिन में पुरवा हवा चल रही थी वही सोमवार को दिन में हवा की रफ्तार थमने की वजह से धूप का असर भी बहुत ज्यादा रहा।
हालांकि देर शाम थोड़ी हवा चलने से गर्मी से राहत जरूर हुई लेकिन मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक अभी आने वाले दिनों में तापमान में और भी बढ़ोतरी होने की संभावना है। इधर अधिकतम तापमान भी 40 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया जो इस साल का सर्वाधिक तापमान है।
बंगाल की खाड़ी से जिस तरह पुरवा हवा चल रही है उससे मौसम का मिजाज गरम बना हुआ है। सोमवार को भी दोपहर में धूप इतनी तेज हो गई कि बाहर निकलने पर चेहरा झुलसने जैसा एहसास हो रहा था। सबसे ज्यादा दिक्कत साइकिल से और रिक्शे से जाने वालों को हो रही थी। उन्हें सामने से ही गर्म हवाएं झेलनी पड़ी।
पिछले 3 दिनों में तापमान भी दो डिग्री बढ़कर 40 तक पहुंच गया है। शनिवार को जहां अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री था वही सोमवार को 40 तक पहुंच गया जबकि जबकि न्यूनतम तापमान भी रविवार को 16.6 से बढ़कर सोमवार को 18 डिग्री तक पहुंच गया है।
मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय के मुताबिक धरातल से एक किलोमीटर ऊपर पुरवा हवा और उसके बाद उतर पश्चिमी हवा चल रही है।आने वाले दिनों में भी तापमान बढ़ने की संभावना है।