वाराणसी: ग्रामीणों ने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से मांगी सरकारी बस
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के बभनियांव गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका अभिनंदन किया। लोगों ने जक्खिनी और शाहंशाहपुर होते हुए वाराणसी तक सरकारी बस चलाने की मांग की। वहीं, छात्र नेता समीर सिंह विशाल ने गांव में मिले पुरातात्विक अवशेषों के संरक्षण की मांग उठाई।
विस्तार
प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह सोमवार को बभनियांव गांव निवासी यूपी कॉलेज के छात्र नेता और युवा समाजसेवी समीर सिंह विशाल के घर पहुंचे। यहां उन्होंने समीर सिंह से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान समीर सिंह विशाल और गांव के युवाओं ने मंत्री का अभिनंदन किया। ग्रामीणों ने जक्खिनी और शाहंशाहपुर होते हुए वाराणसी शहर तक सरकारी बस चलाने की मांग की। इस पर मंत्री ने जल्द सरकार के समक्ष पत्र भेजने का आश्वासन दिया।
पुरातात्विक स्थल के संरक्षण की मांग
समीर सिंह विशाल ने परिवहन मंत्री को गांव में पुरातात्विक खुदाई के दौरान मिले अवशेषों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि काशी हिंदू विश्वविद्यालय के पुरातत्व विभाग की ओर से कराई गई खुदाई में ईसा पूर्व काल का एकमुखी जटाधारी शिवलिंग मिला था। उन्होंने इस पुरातात्विक स्थल को सुरक्षित रखने और वहां जरूरी निर्माण कराने की मांग की, ताकि ऐतिहासिक धरोहर का संरक्षण किया जा सके।
सरकारी बस चलने से आसान होगा आवागमन
ग्रामीणों ने मंत्री से जक्खिनी और शाहंशाहपुर होते हुए वाराणसी शहर तक सरकारी बस सेवा शुरू कराने की मांग की। लोगों का कहना था कि इस मार्ग पर बस सेवा शुरू होने से ग्रामीणों को शहर आने-जाने में सुविधा मिलेगी। इससे विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और अन्य यात्रियों को भी लाभ होगा। परिवहन मंत्री ने इस संबंध में सरकार को पत्र भेजने का आश्वासन दिया।
समीर सिंह विशाल अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से भी जुड़े हैं। वह ग्रामीण क्षेत्र में युवा जागरूकता, गांव के विकास और आपसी सद्भाव को बढ़ावा देने के लिए अभियान चलाते रहते हैं। इस दौरान शिवपूजन सिंह, समीर सिंह विशाल, सार्थक सिंह, गौरव सिंह, शानू सिंह, वीरेंद्र पटेल, चंदन पाल, आशु सिंह और आनंद सिंह समेत क्षेत्र के कई लोग मौजूद रहे।