वाराणसी: भोथू हत्याकांड में दो और गिरफ्तार, साइबर टीम ने धोखाधड़ी की वापस कराई रकम; पढ़ें- प्रमुख खबरें
वाराणसी में भोथू हत्याकांड में दो और गिरफ्तार किए गए। उधर, साइबर टीम ने धोखाधड़ी की 95000 रुपये की रकम वापस कराई। किराये पर ट्रैक्टर लेने और 55 हजार रुपये नहीं देने पर प्राथमिकी दर्ज की गई। पढ़ें- वाराणसी की अन्य अपराध से जुड़ी खबरें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी में फूलपुर थाना क्षेत्र के बरजी गांव में किसान ओमप्रकाश यादव उर्फ भोथू हत्याकांड के दो वांछित आरोपियों प्रिंस यादव और जय किशन को पुलिस ने रविवार रात थईपुर नहर पुलिया और रामपुर अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया। प्रिंस यादव के कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा और एक कारतूस मिला। अब तक आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। एडीसीपी गोमती जोन नृपेंद्र कुमार ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपी बड़ागांव थाना क्षेत्र के चंगवार गांव के निवासी हैं। 6 जून 2026 को एक बरात में कहासुनी के दौरान बरजी गांव में ओमप्रकाश यादव उर्फ भोथू 50 की लाठी डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। अपर पुलिस उपायुक्त नृपेंद्र कुमार के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि अनीश यादव की मृतक ओमप्रकाश यादव से पुरानी दुश्मनी थी। प्रिंस यादव ने स्वीकार किया कि अनीश यादव के कहने पर उसने घटना को अंजाम दिया। प्रिंस पर बड़ागांव थाने में तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। जय किशन उर्फ किशन कुमार उर्फ गोपाल के खिलाफ बड़ागांव थाने में पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें मारपीट और एससी/एसटी एक्ट की धाराएं शामिल हैं।
किराये पर लिया ट्रैक्टर, 55 हजार रुपये नहीं देने पर प्राथमिकी
लंका थाना क्षेत्र में हेमंत पटेल के खिलाफ किराए पर लिए ट्रैक्टर का बकाया 55 हजार रुपये नहीं चुकाने पर रविवार रात प्राथमिकी दर्ज की गई। नरोत्तमपुर गांव के मनोज कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि रमना निवासी हेमंत पटेल ने 2021 में भतीजे अंकित सिंह के दोस्त होने के नाते ट्रैक्टर किराये पर लिया था। यह ट्रैक्टर बजबजा प्लांट में चलाने के लिए 25 हजार रुपये प्रति महीने पर लिया गया था। पांच महीने तक ट्रैक्टर चलाने के बाद कुल 1,25,000 रुपये का किराया बकाया हुआ। मनोज ने बताया कि थाने में शिकायत के बाद हेमंत ने दो बार में 70 हजार रुपये का भुगतान किया था। बाकी 55 हजार रुपये तीन महीने में देने का वादा किया था, लेकिन हेमंत ने राशि नहीं चुकाई। निर्धारित समय बीत जाने के बाद जब हेमंत पटेल के घर बकाया राशि मांगने गए तो गाली-गलौज की। पैसे देने से साफ इन्कार कर दिया। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।
फूलपुर साइबर टीम ने 95000 की धोखाधड़ी की रकम वापस कराई
फूलपुर साइबर टीम ने 'ऑपरेशन साइ-वज्र' अभियान के तहत साइबर धोखाधड़ी के 95000 बरामद किए। यह धनराशि पीड़ित मोनू शर्मा के खाते में सोमवार को वापस करा दी गई। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि 6 जुलाई 2026 को मोनू शर्मा के यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के खाते से साइबर ठगों ने 95000 की धोखाधड़ी की थी। पीड़ित ने फूलपुर थाना की साइबर हेल्प डेस्क पर शिकायत दर्ज कराई। एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत मिलते ही साइबर टीम ने कार्रवाई की। टीम ने धोखाधड़ी वाले लेनदेन का विवरण खंगाला और खाते को फ्रीज कर धनराशि रोकी।
युवती को ब्लैकमेल कर फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी
युवती ने एक युवक पर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। युवक पर युवती के फोटो और वीडियो वायरल करने के मामले में पुलिस ने सोमवार को प्राथमिकी दर्ज कर ली है। युवती ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी तय होने से पहले युवक से इंस्टाग्राम पर बातचीत शुरू हुई थी। दोनों के बीच वीडियो कॉल और ऑडियो कॉल भी होने लगी थीं। आरोप है कि युवक ने युवती को मिलने के लिए बुलाया। युवती ने अपनी शादी तय होने की बात बताकर मिलने से इन्कार कर दिया। इसके बाद युवक कथित तौर पर उस पर लगातार मिलने का दबाव बनाने लगा। युवती का आरोप है कि युवक ने धमकी दी। उसने कहा कि न मिलने पर वह उसके माता-पिता, भाई और होने वाले ससुराल में फोटो-वीडियो भेजकर वायरल कर देगा। 10 दिनों तक युवती को ब्लैकमेल किया गया। युवक ने उसकी फोटो मौसी के बेटे को भेज दी। वॉयस रिकॉर्डिंग में युवती के साथ संबंध होने की बात भी कही। युवती का आरोप है कि इससे उसकी बदनामी हुई है। बावजूद युवक मेसेज भेज रहा है। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
बैंक ऑफ इंडिया ग्राहक सेवा केंद्र से 20 हजार रुपये चोरी
खजूरी में एनएच-19 पर बैंक ऑफ इंडिया के एक ग्राहक सेवा केंद्र से 20 हजार रुपये की री हो गई है। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद है, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है। खजूरी गांव निवासी राजेंद्र प्रसाद बिंद उर्फ लोटू राम बिंद कृषि विज्ञान केंद्र मार्ग के पास ग्राहक सेवा केंद्र चलाते हैं। पुलिस को बताया कि 17 जुलाई को अज्ञात दुकान में घुसा और कैश काउंटर का ताला तोड़कर 20 हजार रुपये चुरा ले गया। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज खंगाली। फुटेज में आरोपी ताला तोड़कर रुपये चोरी करता दिखाई दिया। आरोपी किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत करता भी नजर आ रहा है। पीड़ित ने घटना की सूचना तत्काल 112 और खजूरी चौकी पुलिस को दी थी। इंस्पेक्टर गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि आरोपी की पहचान करने में पुलिस जुटी है।
चोरी करते पकड़े गए तीन युवकों ने युवक को पीटा, 40 हजार रुपये लूटे
सालिवाहनपुर गांव में रविवार शाम घर में चोरी करने पहुंचे तीन युवकों को पकड़ना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि पकड़े जाने पर तीनों ने युवक पर लाठी और धारदार हथियार से घायल कर दिया। चोरी किए गए 40 हजार रुपये लेकर भाग गए। गांव निवासी संदीप बिंद ने पुलिस को बताया कि विनय बिंद, नितेश बिंद और मोहित बिंद उसके घर में घुसकर अलमारी में रखे 40 हजार रुपये चोरी कर ले जा रहे थे। इसी दौरान उसने उन्हें पकड़ लिया, जिसके बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। संदीप के अनुसार, चोरी हुए रुपये उसकी मां शीला देवी ने भैंस बेचकर रखे थे। घायल संदीप का मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में उपचार कराया गया है। थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
युवक ने ब्लेड से काटी गर्दन, पुलिस पर पिटाई का आरोप
कचहरी के पास राजेश कुमार पांडेय ने रविवार को ब्लेड से अपनी गर्दन काट ली। उसे तत्काल दीनदयाल अस्पताल के ट्राॅमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे भर्ती किया है। जौनपुर के केराकत अइलीपुर निवासी राजेश वर्तमान में जलालीपुरा तेलियाना फाटक पर रहता है और रिक्शा चलाता है। शनिवार को घर में चोरी करने के आरोप में चौक पुलिस थाने ले जाया गया था। वहां पुलिस ने उसकी कथित तौर पर पिटाई की थी। इसी कारण उसने आत्महत्या के इरादे से ब्लेड से गर्दन काट ली। कैंट इंस्पेक्टर राजकिशोर पांडेय ने बताया कि युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। चिकित्सकों की टीम उसकी हालत पर नजर रख रही है।
सामनेघाट पुल पर ट्रैवल्स संचालक से बाइक सवारों ने छीनी चेन
सामनेघाट गंगा पुल पर सोमवार देर शाम ट्रैवल्स संचालक राजन सिंह से बाइक सवार दो बदमाशों ने सोने की चेन छीन ली। लंका पुलिस जांच कर रही है। राजन सिंह ने पुलिस को बताया कि वह अपने मित्र से मिलने रामनगर जा रहे थे। पुल पर पहुंचने पर अपाचे बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोका। बदमाशों ने पहले छेड़खानी का आरोप लगाकर राजन को धमकाया। पीछे बैठे युवक ने गले से चेन झपट ली। विरोध किया और उनसे भिड़ गए। इस दौरान आधी चेन उनके हाथ में रह गई, जबकि आधी लेकर बदमाश सामनेघाट की ओर भाग गए। घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि आसपास के सीसी कैमरों से बदमाशों की पहचान कराई जा रही है।
किशोरी से छेड़छाड़, नशेड़ी युवक और मां पर प्राथमिकी दर्ज
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार को एक नाबालिग से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने नशे में धुत पड़ोसी युवक और उसकी मां के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि युवक शराब के नशे में किशोरी के घर में घुसा। किशोरी को कमरे में ले जाकर छेड़छाड़ की। किशोरी के विरोध करने पर आरोपी भाग निकला। किशोरी की मां ने जब आरोपी के घर शिकायत की तो उन्हें गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी गई। थाना प्रभारी गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस जांच में जुटी है। बेनीपुर गांव निवासी आरोपी दशमी की तलाश जारी है। संवाद
करंट की चपेट में आने से 80 हजार की भैंस मरी
कल्लीपुर गांव में सोमवार अपराह्न करंट से भैंस मर गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से झुलस गई। भैंस की कीमत 80 हजार रुपये बताई गई है। पशुपालक कल्लू यादव भैसों को चराने सिवान ले जा रहे थे। सरकारी नलकूप के पास ट्रांसफार्मर से लगे टोचन तार में करंट था। इसी तार की चपेट में आने से एक भैंस मौके पर ही मर गई। कल्लू ने सूझबूझ से खुद को बचा लिया। ग्रामीणों की सूचना पर बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। अवर अभियंता उमेश चौरसिया और सहायक कृष्ण कुमार यादव ने व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश देखा गया।
शास्त्री घाट पर युवक का शव मिला
कैंट थाना क्षेत्र के शास्त्री घाट पर सोमवार को युवक का शव पुलिस ने बरामद किया है। लोगों की सूचना पर पुलिस ने शव को संरक्षण में लिया। कैंट इंस्पेक्टर राजकिशोर पांडेय ने बताया कि शिनाख्त का प्रयास जारी है। उसके पास से पहचान पत्र या अन्य सामान नहीं मिला।
चोरी की दो बाइक के साथ आरोपी गिरफ्तार
बाइक चोरी करने के आरोपी अनिल पासी को मिर्जामुराद पुलिस ने सोमवार को बिहड़ा नहर के पास चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर दो चोरी की बाइक मिली। थाना प्रभारी गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि आरोपी प्रयागराज के सरायइनायत थाना क्षेत्र के मलखानपुर का निवासी है। उसके पास से बरामद मोटरसाइकिल चोरी की है। अनिल पासी ने 31 जुलाई 2026 को एक और मोटरसाइकिल चोरी करने की बात कबूली है। उसकी निशानदेही पर राधाकृष्ण मंदिर के पास से दूसरी बाइक भी बरामद की गई। यह मोटरसाइकिल भी मिर्जामुराद थाने में दर्ज चोरी के दूसरे मामले से जुड़ी थी।