फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi Top News today latest hindi news Bank employee suspended for not picking up chief manager call

एक क्लिक में वाराणसी की टॉप खबरें: मैनेजर का फोन नहीं उठाने पर बैंक कर्मचारी निलंबित, फर्जी खतौनी देने पर FIR

Tue, 19 Nov 2024 02:54 PM IST
प्रगति चंद अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: प्रगति चंद Updated Tue, 19 Nov 2024 02:54 PM IST
सार

वाराणसी जिले में पिछले 24 घंटे में कई खबरें सुर्खियों में बनी रहीं। इनमें चीफ मैनेजर का फोन नहीं उठाने पर बैंक कर्मचारी के निलंबित किए जाने और मुठभेड़ में गिरफ्तार बदमाश के दोस्त के पकड़े जाने की खबर भी शामिल रहीं। 

विज्ञापन
Varanasi Top News today latest hindi news Bank employee suspended for not picking up chief manager call
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

चीफ मैनेजर का फोन नहीं उठाने पर बैंक कर्मचारी निलंबित

विज्ञापन

बैंक ऑफ इंडिया के चीफ मैनेजर (एचआर) का फोन नहीं उठाने पर इंडियन बैंक के कर्मचारी के निलंबन से खफा यूनियन कर्मियों ने सोमवार की शाम नदेसर स्थित इंडियन बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का आरोप रहा कि यह तानाशाही रवैया है।
उधर, प्रदर्शन को देखते हुए कर्मचारी का निलंबन वापस ले लिया गया। इंडियन बैंक के डेस्क ऑफिसर कर्मचारी विजय कुमार के अनुसार उन्हें बैंक ऑफ इंडिया के चीफ मैनेजर (एचआर) का शाम चार बजे फोन आया था। हालांकि काम के चक्कर में फोन नहीं उठा पाए और पुन: उन्हें दोबारा कॉल किया। इससे नाराज चीफ मैनेजर की शिकायत पर बैंक के जोनल मैनेजर संचित कुमार ने महज एक घंटे में ही निलंबित कर दिया। इसकी जानकारी लगते ही सह बैंककर्मी और यूनियन के पदाधिकारी आक्रोशित हो गए। शाम छह बजे इंडियन बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। यूनियन अध्यक्ष चंदन खरवार के नेतृत्व में बैंक कर्मियों ने विरोध दर्ज कराया।
विज्ञापन

 
साड़ी लेकर नहीं दिए 21.63 लाख रुपये
रसूलपुरा निवासी एक व्यापारी से 25 लाख रुपये की साड़ी एक फर्म के व्यापारियों ने ली। फर्म की ओर से साड़ी व्यापारी को दिए गए 21.63 लाख रुपये के चेक बाउंस कर गए। व्यापारी की तहरीर पर जैतपुरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। जैतपुरा थाना क्षेत्र के रसूलपुरा निवासी व्यापारी मोहम्मद नसीम ने बताया कि उन्होंने नक्खीघाट निवासी जमाल की पत्नी शबाना परवीन और मुरसलीन की फर्म को 25 लाख रुपये की साड़ी बेची थी। फर्म पर उनका 21.63 रुपये बकाया था। उन्हें 31 चेक दिए गए, लेकिन सभी बाउंस हो गए। वह फर्म संचालकों के नक्खीघाट स्थित घर गए और अपना पैसा मांगे। इस पर जमाल और उसके भाई मुरसलीन ने उन्हें धमकी देते हुए पैसा भूल जाने की बात कही। 
विज्ञापन
विज्ञापन


मुठभेड़ में गिरफ्तार बदमाश का दोस्त पकड़ा गया
चेन छीनने वाले बदमाशों को अपनी बाइक देने के आरोप में गाजीपुर के कोतवाली थाने के सकलेनाबाद निवासी विवेक पांडेय को सारनाथ थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके पास से 600 रुपये बरामद हुए हैं। इससे पहले चौबेपुर थाने की पुलिस द्वारा गत 14 नवंबर की रात मुठभेड़ में विवेक के दोस्त बहादुर चौधरी को गिरफ्तार किया गया था। विवेक ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि वह बहादुर और अजय सिंह को चेन छीनने के लिए अपनी बाइक देता था। बदले में उनसे प्रति घटना पांच हजार रुपये और पार्टी लेता था।  

नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म किया, गिरफ्तार

भेलूपुर थाने की पुलिस ने रामपुर भतुही, उकथी निवासी संजय सरोज को गिरफ्तार किया है। भेलूपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि संजय पर एक पीड़िता को नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म करने का आरोप है। इसके साथ ही संजय पीड़िता के साथ मारपीट कर उसके सारे गहने गोल्ड लोन में गिरवी रख कर पैसा अपने पास रख लिया था। 

सिटी रेलवे स्टेशन पर वाहन स्टैंड के कर्मियों ने की मारपीट
सिटी रेलवे स्टेशन के गेट नंबर एक पर सोमवार को चंदौली निवासी एक कार सवार युवक को वाहन स्टैंड में पर्ची काटने वाले मनबढ़ युवकों ने घेर लिया और उसकी पिटाई कर दी। कार में बैठे युवक के परिजनों के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया। करीब 15 मिनट तक सर्कुलेटिंग एरिया में मनबढ़ युवकों ने कार सवार युवक और उसके परिजनों को रोके रखा। मौके पर एक दरोगा भी पहुंचे, लेकिन वह मूकदर्शक दिखे। कार सवार युवक ने बताया कि उसे मालूम नहीं था कि वाहन स्टैंड है। कार स्टार्ट कर वह बढ़ा तभी स्टैंड में मौजूद लोगों ने रोक लिया और मारपीट करने लगे। उधर, इस मामले में जैतपुरा थाने की पुलिस और सिटी रेलवे स्टेशन की जीआरपी का कहना था कि घटना के संबंध में उन्हें कोई सूचना नहीं मिली है।  

गहने देखने गए थे, एक जोड़ी कंगन लेकर भागे
अर्दली बाजार स्थित आभूषण की एक दुकान में गहने खरीदने पहुंची एक महिला और दो पुरुष दुकानदार को बातों में उलझा कर सोने का एक जोड़ी कंगन लेकर भाग गए। तीनों के जाने के बाद कंगन गायब होने की जानकारी होने पर दुकानदार ने अज्ञात महिला व दो पुरुष के खिलाफ कैंट थाने में चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया। कमच्छा निवासी नंदलाल सराफ के अनुसार गत 13 नवंबर को अर्दली बाजार स्थित उनकी आभूषण की दुकान पर एक महिला और दो पुरुष आए। तीनों गहने देखे और पसंद न आने पर चले गए। उनके जाने पर गहनों का मिलान किया गया तो एक जोड़ी कंगन गायब थे। तीनों को आसपास खोजा गया पर वे नहीं मिले।  

आभूषण की दुकान का ताला तोड़ कर हजारों के गहने चोरी

मथुरापुर गांव में चोर रविवार की रात आभूषण की दुकान के शटर का ताला तोड़कर तिजोरी में रखे सोने और चांदी के लगभग 90 हजार रुपये के गहने चुरा ले गए। सूचना पाकर लोहता थाने की पुलिस मुआयना करने पहुंची। भरथरा गांव निवासी राजेश सेठ ने बताया कि मथुरापुर में वह किराये के मकान में आभूषण की दुकान खोले हुए हैं। सोमवार की सुबह दुकान खोलने गए तो शटर का ताला टूटा था। तिजोरी का ताला भी टूटा था और चांदी व सोने के लगभग 90 हजार रुपये के गहने गायब थे। दुकान में अन्य सामान जस के तस थे।  

एसडीएम सदर के न्यायालय में दी फर्जी खतौनी, 3 पर केस
एसडीएम सदर के न्यायालय में दो फर्जी खतौनी प्रस्तुत करने के मामले में दो सगे भाइयों सहित तीन के खिलाफ शिवपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों में मढ़ौली निवासी सगे भाई सीताराम व दयाराम और चंद्रिका का नाम शामिल है। यह कार्रवाई तहसीलदार सदर बिपिन कुमार की तहरीर के आधार पर की गई है। तहसीलदार सदर के अनुसार एसडीएम सदर के न्यायालय में एक वाद विचाराधीन है। उस वाद में सीताराम, दयाराम और चंद्रिका द्वारा दो खतौनी लगाई गई थी। दोनों खतौनी की जांच कराई गई तो पता लगा कि वह फर्जी हैं और अभिलेखागार से जारी नहीं की गई हैं। इसलिए तीनों के खिलाफ शिवपुर थाने में नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया है।  
  
आईआईटी बीएचयू में खोजी जाएगी जल और कचरा प्रबंधन की तकनीक
आईआईटी बीएचयू में जल और कचरा प्रबंधन के लिए स्थायी समाधान की तकनीक के इस्तेमाल पर वर्कशॉप शुरू हुआ। संस्थान के सेंट्रल फॉर फैकल्टी डेवलपमेंट के कॉन्फ्रेंस रूम में जल और कचरा क्षेत्रों में उभरती हुई 20 तकनीक का मूल्यांकन होना है। आईआईटी के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने कहा कि कार्यक्रम के बाद भारत जलवायु परिवर्तन के समाधान और अनुकूलन की वैश्विक कोशिशों में प्रमुख भूमिका निभाएगा। दो दिन की कार्यशाला में हर तकनीक का मूल्यांकन पांच मानदंडों सामाजिक, तकनीकी, पर्यावरणीय, आर्थिक और नीति के आधार पर किया जाएगा। हर विशेषज्ञ तकनीक को 1 से 10 के पैमाने पर अंकित करेंगे। 10 बेस्ट तकनीक की पहचान की जाएगी। जल और कचरा प्रबंधन सिस्टम पर सबसे बड़ा प्रभाव हो सकता है। ये रिपोर्ट पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय और संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन फ्रेमवर्क कन्वेंशन में प्रस्तुत की जाएगी।  

कंदवा उपकेंद्र से तीन घंटे बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति
जिले में बेहतर बिजली आपूर्ति के लिए ट्रांसफार्मर की मरम्मत, पेड़ों की छंटाई सहित अन्य कई काम करवाए जा रहे हैं। मंगलवार को कंदवा उपकेंद्र से दोपहर 12 से 3 बजे तक कंचनपुर, मीरानगर, आसपास के क्षेत्र में आपूर्ति बाधित रहेगी।  

आरोप : फीस नहीं जमा थी तो परीक्षा देने से रोका

लेढ़ूपूर स्थित सेंट जॉन्स स्कूल के छात्रों को परीक्षा से वंचित करने का आरोप लगा है। परिजनों का कहना है कि फीस न जमा होने के चलते परीक्षा देने से रोका गया। वहीं, कुछ बच्चों को फीस जमा न होने के बावजूद परीक्षा देने दिया गया। अभिभावक धर्मेंद्र नाथ पांडेय का आरोप है कि सोमवार को कक्षा 9 और 11वीं के बच्चे परीक्षा देने के लिए स्कूल गए थे। कुछ देर में घोषणा कर दी गई कि जिन बच्चों ने फीस जमा नहीं की, उन्हें एग्जाम नहीं देने दिया जाएगा। छात्रों से भेदभाव भी किया जा रहा है। इस सिलसिले में स्कूल प्रबंधन का पक्ष नहीं मिल सका है। पक्ष मिलते ही प्रकाशित किया जाएगा।  
 
अर्थशास्त्र के क्षेत्र में हैं रोजगार की संभावनाएं
जगतपुर पीजी कॉलेज में अर्थशास्त्र विभाग की संगोष्ठी में अर्थशास्त्र में रोजगार की उपादेयता विषय पर चर्चा की गई। बतौर मुख्य वक्ता असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. शेफालिका राय ने कहा कि अर्थशास्त्र के क्षेत्र में रोजगार की बहुत संभावनाएं हैं। इसका अध्ययन करने से बैंकिंग, वित्त मंत्रालय और उद्योग मंत्रालय में अवसर मिल सकता है। डॉ. प्रमोद कुमार श्रीवास्तव ने महाभारत काल से वर्तमान तक अर्थशास्त्र की उपयोगिता पर बात कही। अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. अनिल प्रताप सिंह, संचालन डॉ. सतीश कुमार, धन्यवाद निदेशक प्रो. निलय कुमार ने किया।  

जिले में पर्याप्त मात्रा में बीज, उर्वरक उपलब्ध : सीडीओ
सीडीओ हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में सोमवार को विकास भवन सभागार में एफपीओ की बैठक हुई। सीडीओ ने कहा कि जिले में खाद-बीज की कोई कमी नहीं है। उन्होंने मखाना की खेती को बढ़ावा देने अपील की और कहा कि यह किसानों की आय बढ़ा सकता है। जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह ने बताया कि गेहूं की बोआई का सबसे उपयुक्त समय चल रहा है। पर्याप्त मात्रा में बीज एवं उर्वरक उपलब्ध है। उर्वरक से संबंधित जनपद में कोई समस्या नहीं है। जिला कृषि कृषि रक्षा अधिकारी ने बताया कि कीटनाशक लाइसेंस का नवीनीकरण कराया जा सकता है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के बारे में जानकारी दी। 
 
सीएचसी मिसिरपुर पर बनेगा मरीजों का हेल्थ एकाउंट
सीएचसी मिसिरपुर पर आने वाले मरीजों का हेल्थ अकाउंट बनाया जाएगा। इसमें उनके जांच, इलाज का पूरा विवरण डिजिटलाइज्ड रहेगा। सोमवार को आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन लखनऊ की ओर से सीएचसी अधीक्षक, फर्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन आदि को जूम का प्रशिक्षण दिया गया। इसमें बताया गया कि सीएचसी पर आने वाले मरीजों की अब पर्ची नहीं बनानी होगी। आयुष्मान भारत हेल्थ एकाउंट (आभा आईडी) के माध्यम से ही डाक्टर मरीज का उपचार करेंगे। जांच की जरूरत पड़ी तो डाक्टर एप के जरिये आनलाइन लैब को स्थानांतरित कर देंगे। कुछ इसी तरह फर्मासिस्ट को भी दवा का विवरण भेज दिया जाएगा। मरीज का नंबर आने पर फर्मिसिस्ट उसे दवा उपलब्ध करा देगा।प्रशिक्षण में सीएचसी अधीक्षक डाॅ. रामबली सिंह, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र चौहान सहित कई लोग मौजूद रहे।

सिमोना के सुरों से सजा सुबह-ए-बनारस का मंच
सुबह ए बनारस के मंच पर लिथुआनिया की कलाकार सिमोना कलिकोवाईते का गायन हुआ। सिमोना ने गायन की शुरूआत अपने गुरु डॉ. ऋत्विक सान्याल द्वारा रचित राग भैरव में चौताल में निबद्ध बोल महादेव महाकाल...से की। इसके उपरांत राग बिलास खानी तोड़ी में सूलताल में निबद्ध ध्रुपद प्रात बेला ओंकार वंदन रही। पखावज पर संगत आदित्यदीप की रही। संचालन डॉ. प्रीतेश आचार्य ने की। 
 
कार से लैपटॉप, मोबाइल चोरी करने वालों पर केस
सुंदरपुर चौराहे पर हरेंद्र प्रताप सिंह के साथ मारपीट करके उनकी कार में रखे मोबाइल और लैपटॉप चोरी करने वालों अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध चितईपुर थाना में केस दर्ज किया गया है। हरेंद्र प्रताप ने बताया कि वे शनिवार की शाम अपने काम से रामनगर से लंका होते हुए सुंदरपुर की तरफ जा रहे थे। सुंदरपुर चौराहा पहुंचने पर कुछ लोगों ने ट्रैफिक के बीच उनकी कार का शीशा तोड़ दिया। गाड़ी से बाहर निकलने पर आरोपियों ने उनके ऊपर प्लास से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इसके बाद कार की सीट पर रखा मोबाइल और लैपटॉप लेकर भाग गए। पुलिस मुकदमा दर्ज कर सीसी कैमरे की मदद से आरोपियों की तलाश में लगी है।
 
सड़क हादसे में दो लोग घायल
बड़ागांव थानाक्षेत्र के बाबतपुर वाराणसी मार्ग पर रविवार की शाम से सोमवार सुबह आठ बजे के बीच दो अलग-अलग घटना स्थलों पर दो अज्ञात वाहनों की चपेट में आने से दो लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों में से एक को काजीसराय तो दूसरे को बाबतपुर स्थित निजी चिकित्सालयों में भर्ती कराया।

महादेव पीजी कॉलेज में लगी वार्षिक कला प्रदर्शनी
बरियासनपुर स्थित महादेव पीजी कॉलेज में सोमवार को तीन दिवसीय वार्षिक कला प्रदर्शनी का आयोजन हुआ। शुभारंभ राज्य ललित कला अकादमी के अध्यक्ष डॉ सुनील कुमार विश्वकर्मा ने किया। बी.एफ.ए की छात्रा करीना की काष्ठ कलाकृति गर्भिणी और प्रथम सेमेस्टर के छात्रों द्वारा बनाए गए महाकुंभ 2025 की कलाकृति को दर्शकों ने खूब पसंद किया।

कार्यक्रम में डॉ सुनील कुमार ने श्री राम मंदिर से जुड़े चित्र बनाने का अनुभव साझा करते हुए कहा कि मैंने प्रभु श्रीराम से आग्रह किया कि प्रभु खुद आकर आप इस चित्र में उतर जाइए, मेरी इतनी क्षमता नहीं है कि मैं आपके रूप को गढ़ सकूं। इस तरह प्रभु का सजीव चित्र उभर कर सामने आ गया। आज भी मुझे सहज विश्वास नहीं होता कि मैंने ही ऐसा चित्र बना दिया, जिसे श्री राम मंदिर के लिए चुन लिया गया। डॉ. शत्रुघ्न प्रसाद, डॉ. एस एंजेला, विकास कुशवाहा, डॉ. लोकनाथ पांडेय और डॉ. गौरव मिश्रा आदि मौजूद रहे।

वरुणा किनारे अवैध निर्माणों को रोकेंगे वीडीए के भूतपूर्व सैनिक
वरुणा किनारे होने वाले अवैध निर्माण पर नजर रखने के लिए भूतपूर्व सैनिक रखे जाएंगे। इसके लिए वीडीए ने कार्ययोजना तैयार कर ली है। पिछले दिनों हुई कार्रवाई के बाद से यह तय हुआ कि क्षेत्रीय सुपरवाइजर के साथ भूतपूर्व सैनिक होंगे। ये अवैध निर्माण के बारे में सूचित करेंगे। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वरुणा किनारे के अवैध निर्माण रोकने में ज्यादा दिक्कत आ रही है। दरअसल नदी के तट की ओर से अवैध निर्माण की जानकारी तब होती है। जब पूरा निर्माण हो जाता है। बाद में वीडीए को सील करने और ध्वस्त करने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। इससे बचने का रास्ता निकाला गया है। पिछले दिनों वरुणा किनारे के दो होटलों को गिराने में काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। 

वीडीए सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा ने कहा कि वरुणा किनारे होने वाले अवैध निर्माणों पर नियमित नजर रखी जाएगी। इसके लिए वीडीए की ओर से भूतपूर्व सैनिक रखे जाएंगे। इन सैनिकों के साथ वीडीए के सुपरवाइजर होंगे। जो नियमित वरुणा किनारे निरीक्षण करेंगे और अवैध निर्माण रोकेंगे। इसके साथ ही इसकी सूचना जोनल अधिकारियों के पास आएगी। इसके बाद सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।

पूर्व मंत्री दादा के स्वास्थ्य का हाल जानने पहुंचे राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य

असम के राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य सोमवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री श्याम देव राय चौधरी (दादा) का हालचाल जानने के लिए रविंद्रपुरी स्थित ओरियाना हॉस्पिटल पहुंचे। डॉक्टर सौमित्र अग्रवाल, संदीप राय और रोहित राय की टीम ने राज्यपाल को दादा के स्वास्थ्य के बारे में बताया। इसके बाद उन्होंने दादा के परिजनों से मुलाकात कर ढांढ़स बंधाया। इसके बाद लक्ष्मण आचार्य बीएचयू के राजनीति विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रोफेसर कौशल किशोर मिश्र के नगवां स्थित आवास पहुंचे। वहां उन्होंने परिवारजनों से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त की। भोजूबीर नटीनिया दाई स्थित मीना चौबे के पति के निधन पर शोक व्यक्त किया।
 
रेल कॉलोनियों से हटेंगे पुराने विद्युत पोल
कैंट स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता ने सोमवार को रेल काॅलोनियों का निरीक्षण किया। इस दौरान कॉलोनी की साफ-सफाई, पुराने विद्युत पोल को हटाने, नई लाइट लगवाने और सामुदायिक केंद्र के रखरखाव आदि के निर्देश दिए। निदेशक ने पेयजल की टंकी और मकानों की मरम्मत के बारे में संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। साथ कर्मचारियों से समस्याओं को जाना और समाधान कराने के निर्देश दिए।  

नगर निगम अधिकारियों पर लगाया लापरवाही का आरोप
बनारस रिक्शावान महासभा की बैठक सोमवार को प्रधान कार्यालय सिगरा स्थित नगर निगम मुख्यालय पर हुई। इसमें रिक्शा, ट्रॉली, ठेला चालक आदि का लाइसेंस नहीं बनाए जाने पर नाराजगी जताई गई। अध्यक्ष राजेश आजाद ने आरोप लगाया कि नगर निगम अधिकारियों की लापरवाही के कारण लाइसेंस नहीं बन सके। इसकी जांच होनी चाहिए। इस दौरान 3 दिसंबर से सदस्यता अभियान शुरू करने का निर्णय लिया गया। बैठक में नरेंद्र प्रकाश, रीतू साहनी, सुरेश आदि रहे।  

सीवर लाइन में गोबर बहाने वालों पर कार्रवाई करेगी नगर निगम
सीवर लाइन में गोबर बहाने वालों को नगर निगम ने चेतावनी दी है। सोमवार को पशु चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष पाल प्रवर्तन दल के साथ मंडुवाडीह, लहरतारा स्थित सिंधोरिया काॅलोनी पहुंचे। यहां के लोगों से बातचीत की। पता चला कि यहां दो लोग पशु पालन करते हैं। पशुओं का गोबर सीवर लाइन में बहा देते हैं। इसके बाद वे पशु पालकों के यहां पहुंचे।

उन्होंने पशु पालकों को जल्द से जल्द पशुओं को हटवाने के निर्देश दिए। कहा कि दोबारा यदि इस प्रकार की शिकायत मिली तो जुर्माने के साथ पशुओं को जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। अमर उजाला में छपी खबर के बाद जागे नगर निगम प्रशासन ने सभी पशु पालकों को हिदायत दी है कि सीवर लाइन में गोबर न बहाएं। यदि जांच में ऐसा पाया गया तो उन पर कार्रवाई की जाएगी। पिछले दिनों कॉलोनी के लोगों ने नगर आयुक्त कार्यालय में ज्ञापन दिया था। उन्होंने क्षेत्र में पशु पालन, गंदगी फैलाने, सीवर जाम करने वालों पर कार्रवाई करने की मांग की थी। यहां सफाई तो हो गई, लेकिन कार्रवाई अभी नहीं हुई हैं। उधर जलकल ने भी सफाई का काम शुरू कराया है।

जिले में पर्याप्त मात्रा में बीज, उर्वरक उपलब्ध : सीडीओ
सीडीओ हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में सोमवार को विकास भवन सभागार में एफपीओ की बैठक हुई। सीडीओ ने कहा कि जिले में खाद-बीज की कोई कमी नहीं है। उन्होंने मखाना की खेती को बढ़ावा देने अपील की और कहा कि यह किसानों की आय बढ़ा सकता है। जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह ने बताया कि गेहूं की बोआई का सबसे उपयुक्त समय चल रहा है। पर्याप्त मात्रा में बीज एवं उर्वरक उपलब्ध है। उर्वरक से संबंधित जनपद में कोई समस्या नहीं है। जिला कृषि कृषि रक्षा अधिकारी ने बताया कि कीटनाशक लाइसेंस का नवीनीकरण कराया जा सकता है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के बारे में जानकारी दी।  

अधूरे विकास कार्य दिसंबर तक करें पूरे : डीएम
डीएम एस राजलिंगम की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना की समीक्षा बैठक हुई। इसमें उन्होंने कहा कि योजना से जुड़ कार्य की गुणवत्ता की जांच की जाए। अधूरे सभी कार्यों को हर हाल में दिसंबर के अंत तक पूरा कराया जाए। सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के तहत सीसी रोड, सड़क इंटरलाकिंग, नाली, पटरी, घाट, पुस्तकालय समेत अन्य निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। अफसरों ने बताया कि योजना के तहत स्वीकृत 715 परियोजनाओं में से 682 परियोजना का कार्य पूरा हो चुका है। डीएम ने कहा कि बाकी बचे काम हर हाल में दिसंबर तक पूरा करें। बैठक में सीडीओ हिमांशु नागपाल समेत अन्य अफसर मौजूद रहे।  

लोहिया की विचारधारा के खिलाफ काम कर रही सपा
कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने कहा कि लोहिया की विचारधारा के खिलाफ सपा काम कर रही है। प्रदेश में हो रहे उपचुनाव पर कहा कि भाजपा सभी सीटें जीतेगी। साइकिल अब कबाड़खाने में जाएगी। धोखा देना सपा की नियति बन गई है। कांग्रेस को भी धोखा दे रही है। इतनी बड़ी पार्टी को सिर्फ तीन सीटें दी गईं। कहा कि यूपीए अब बांटों और राज करो की अपनी पुरानी नीति पर चल रही है। देश इनकी चालाकी समझ चुका है, उन्होंने सीएम योगी के बंटोगे तो कटोगे के नारे पर कहा कि बंटे थे तो देश का विभाजन हो गया था। देश के विभाजन के लिए कांग्रेस जिम्मेदार थी। कहा कि राम मनोहर लोहिया ने कहा था कि जाति को तोड़ाे, समाज को जोड़ो लेकिन सपा अब उनकी विचारधारा के खिलाफ जाकर देश को टुकड़ों में बांटने की साजिश कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed