वाराणसी की बड़ी खबरें: टीजीटी की धोखाधड़ी में सॉल्वर गिरोह का आरोपी गिरफ्तार, हत्या के मामले में एक को उम्रकैद
Varanasi News: टीजीटी में धोखाधड़ी के मामले में एक आरोपी को बलिया से गिरफ्तार किया गया। वहीं छह साल पुराने हत्या के मामले में एक दोषी को उम्रकैद हुई और पांच को संदेह का लाभ देते हुए अदालत ने बरी कर दिया।
विस्तार
टीजीटी में धोखाधड़ी के मामले में तीसरे वांछित आरोपी अमन कुमार को चेतगंज पुलिस ने मंगलवार रात बलिया से गिरफ्तार किया। सॉल्वर गिरोह की मदद से अमन कुमार पर परीक्षा में अनुचित साधनों के प्रयोग का आरोप है। आरोपी बलिया के उभांव थाना क्षेत्र के एकसार पिपरौली का निवासी है। इस मामले में दो आरोपी पूर्व में गिरफ्तार हो चुके हैं। चेतगंज इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि 4 जून को पीएम श्री क्वींस इंटर कॉलेज लहुराबीर के प्रधानाचार्य की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
टीजीटी परीक्षा में मूल परीक्षार्थी के स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति के बैठने का आरोप था। इस मामले में पहले भी दो आरोपियों को 4 जून और 11 जून को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। धोखाधड़ी के मामले में अमन कुमार का भी नाम सामने आया। पूछताछ में अमन ने स्वीकारा कि सॉल्वर गैंग की मदद ली थी। फर्जी सॉल्वर बिहार सहरसा सोनबरसा थाना क्षेत्र के अमृता गढ़ निवासी अमृतराज आनंद को परीक्षार्थी बनाकर बैठाया था। छोटू कुमार को पहले गिरफ्तार किया गया। दो-दो लाख रुपये में टीजीटी का ठेका लिया था।
छह साल पुराने हत्या के मामले में एक को उम्रकैद, पांच को संदेह का लाभ
अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश संध्या श्रीवास्तव की अदालत ने फूलपुर थाना क्षेत्र के बरवां गांव में छह साल पहले जमीन के विवाद को लेकर हुई हत्या के मामले में शिव कुमार मिश्रा को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने उस पर 10 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया। वहीं, मामले में नामजद पांच अन्य अभियुक्तों महेंद्र मिश्रा, दीपक मिश्रा, धीरज मिश्रा, दशरथ मिश्रा और साक्षी मिश्रा को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया। अभियोजन के अनुसार, वादी सचिन कुमार मिश्रा ने 19 मई 2020 को फूलपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
आरोप था कि शाम छह बजे पट्टीदार महेंद्र, शिव, दीपक मिश्रा, धीरज मिश्रा, दशरथ मिश्रा और साक्षी मिश्रा लाठी, सब्बल और रॉड लेकर उनके मशीन परिसर पर पहुंचे। वहां उन्होंने सचिन के पिता अनिल , भाई पवन और मां सुनीता पर हमला कर दिया। हमले में अनिल गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। अभियोजन पक्ष ने तहरीर, पंचायतनामा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और चोट आख्या समेत अन्य साक्ष्य प्रस्तुत किए। बचाव पक्ष की ओर से मुकदमे को रंजिशन दर्ज कराने और दुर्घटनावश चोट लगने की दलील भी दी गई। साथ ही शिव की मानसिक अस्वस्थता का भी उल्लेख किया।
दहेज हत्या के 16 साल पुराने मामले में पति और सास को आठ-आठ साल की सजा
दहेज हत्या के 16 साल पुराने मामले में सत्र न्यायाधीश संजीव शुक्ला की अदालत ने पति और सास को दोषी करार देते हुए आठ-आठ साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अभियोजन के अनुसार, कैंट थाना क्षेत्र के मामले में वादी लल्लन प्रसाद ने अपनी बेटी राधिका देवी की शादी आठ दिसंबर 2004 को सूरज जायसवाल से की थी। आरोप था कि शादी के बाद से ही पति सूरज, सास किरण देवी, ससुर रघुनाथ प्रसाद और ननदें कविता व बबिता दहेज में बाइक और 50 हजार रुपये की मांग को लेकर राधिका को प्रताड़ित करते थे। संतान न होने को लेकर भी उसे ताने दिए जाते थे।
पांच सितंबर 2010 को राधिका की फंदा लगाकर मौत की सूचना पर पिता वाराणसी पहुंचे। उन्होंने बेटी के शरीर पर चोट के निशान देखकर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने विवेचना के बाद आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल किया। अदालत ने सूरज जायसवाल और किरण देवी को आठ-आठ वर्ष के कठोर कारावास से दंडित किया। धारा 498ए और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 4 के तहत भी एक-एक वर्ष के कारावास और एक-एक हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई गई। सजाएं साथ-साथ चलेंगी।
ई-पॉस मशीन पर अंगूठा लगवाकर राशन नहीं देने पर कोटेदार के खिलाफ प्राथमिकी
छितौनी गांव में सरकारी राशन वितरण में अनियमितता की शिकायत की जांच के बाद कोटेदार राधिका देवी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। साथ ही दुकान का अनुबंध निलंबित करने की कार्रवाई की गई है। ग्रामीणों ने 23 जुलाई को राशन वितरण में अनियमितता की शिकायत उपजिलाधिकारी सदर से की थी। 24 जुलाई को पूर्ति निरीक्षक संजय सिंह ने राशन की दुकान पर पहुंचकर जांच की। 30 कार्डधारकों के बयान दर्ज किए गए।
कई कार्डधारकों ने आरोप लगाया कि कोटेदार ने ई-पॉस मशीन पर अंगूठा लगवा लिया, लेकिन राशन नहीं दिया। कुछ ने जून, जबकि कुछ कार्डधारकों ने जून और जुलाई दोनों का राशन नहीं मिलने की बात कही। जांच के दौरान दुकान और गोदाम में उपलब्ध खाद्यान्न का स्टॉक भी मिलाया गया। जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद 28 जुलाई की देर रात कोटेदार राधिका देवी के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
हाई प्रोफाइल युवकों को फर्जी दुल्हन बनकर फंसाती थीं युवतियां
अर्दली बाजार के विंध्यवासिनी नगर कॉलोनी में फर्जी शुभ मैट्रेमोनियल साइट के भंडाफोड़ होने के बाद से गिरोह के बारे में कैंट पुलिस अन्य जानकारियां जुटा रही है। हाईप्रोफाइल लोगों को निशाने पर लेते हुए युवतियों से बात कराई जाती थी और फिर बातों में उलझाकर अविवाहित युवकों से रकम ऐंठ ली जाती थी। गिरोह के कुछ सख्त नियम भी थे।
युवक से बात करने के 24 घंटे तक फोन नहीं करना होता था और युवती ने कॉल कर दिया तो उसे 5 हजार रुपये का जुर्माना देना पड़ता था। कैंट पुलिस और साइबर क्राइम थाना की जांच में सामने आया कि फर्जी कॉल सेंटर में काम करने वाली युवतियां बातों में अविवाहित युवकों को फंसाती थी। टेलीकॉलर युवतियां खुद को मैरिज काउंसलर बताकर युवकों की आर्थिक स्थिति का पता लगाती थीं। वे फर्जी प्रोफाइल और तस्वीरें भेजकर युवकों को फंसाती थीं। शादी का दिलासा देकर गोल्ड, सिल्वर और प्लेटिनम पैकेज बेचे जाते थे। पैकेज लेने के बाद युवतियां मैरिज काउंसलर बनकर बात करती थीं। फिर एक अन्य युवती से बात कराई जाती थी, जो खुद को शादी का इच्छुक बताती थी।
गिरोह मोबाइल नंबर और अन्य व्यक्तिगत जानकारी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जुटाता था। रजिस्ट्रेशन, प्रोफाइल निर्माण और संपर्क शुल्क जैसे विभिन्न बहानों से भी रकम ऐंठी जाती थी। शादी के नाम पर युवाओं से तीन हजार से 20 हजार रुपये तक ठगता था। शादी के इच्छुक युवाओं को तीन हजार से 20 हजार रुपये तक के पैकेज बेचे जाते थे। कॉल सेंटर में काम करने वाली युवतियों को रोज 20 कॉल का लक्ष्य दिया जाता था और वसूली गई रकम पर कमीशन मिलता था। एसीपी कैंट अपूर्व पांडेय ने बताया कि गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में जानकारियां जुटाई जा रही हैं। बैंक खातों और व्हाट्सएप चैट समेत अन्य माध्यमों से आरोपियों की पहचान कराई जा रही है। सात राज्यों के 700 लोगों को ठगा गया है।
महिला अधिवक्ता के व्हाट्सएप पर अश्लील फोटो भेजा, दी धमकी
चौबेपुर क्षेत्र निवासी महिला अधिवक्ता को व्हाट्सएप पर अश्लील फोटो और आपत्तिजनक संदेश भेजकर धमकाने के मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। महिला अधिवक्ता के अनुसार, 27 से 28 जुलाई के बीच अज्ञात व्यक्ति अलग-अलग मोबाइल नंबरों से उसके व्हाट्सएप पर अश्लील फोटो और आपत्तिजनक संदेश भेज रहा था। आरोपी ने 15 से 20 बार फोन कर उसके साथ संबंध बनाने के लिए दबाव डाला। बात नहीं मानने पर आरोपी ने उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। लगातार फोन और आपत्तिजनक संदेशों से परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस आयुक्त को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस को बताया कि आरोपी की ओर से भेजे गए अश्लील फोटो, संदेश और बातचीत की रिकॉर्डिंग उसके पास सुरक्षित है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मोबाइल नंबरों के आधार पर आरोपी की पहचान शुरू कर दी है। मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा को सौंपी गई है। पुलिस मोबाइल नंबरों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
शिक्षक की बर्बरता का राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग ने लिया संज्ञान
लालपुर-पांडेयपुर के अकथा के सेरेन सोनी स्कूल में पांच साल के बच्चे के साथ शिक्षिका की ओर से क्रूरता के मामले का राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने संज्ञान लिया है। आयोग ने यूपी के मुख्य सचिव और पुलिस आयुक्त को नोटिस जारी किया है। दो सप्ताह में रिपोर्ट मांगी है। अकथा के रहने वाले पांच साल के छात्र ने पैंट में पेशाब कर दिया था। इससे नाराज होकर शिक्षिका ने बच्चे को स्कूल की रसोई में ले जाकर गर्म चाकू से बच्चे के निजी अंग को दाग दिया था। लालपुर-पांडेयपुर थाने में पीड़ित ने स्कूल की प्रिंसिपल हेमलता सिंह, शिक्षिका प्रीति कुशवाहा समेत अज्ञात प्रबंधक के खिलाफ पॉक्सो समेत अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
बीएचयू में सहायक प्रोफेसर की फर्जी नौकरी का झांसा देकर छह लाख रुपये की ठगी
बीएचयू में सहायक प्रोफेसर की फर्जी नौकरी दिलाने के नाम पर महिला से छह लाख हड़प लिए गए। बुधवार को कोर्ट के आदेश पर दो आरोपियों के खिलाफ सिगरा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। भेलूपुर थाना क्षेत्र की विनीता गुप्ता ने पुलिस को बताया कि पड़ोसी विनोद कुमार ने सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा दिया। विनोद 10 अगस्त 2023 को सिगरा में मालती फाइनेंस सॉल्यूशन के कार्यालय ले गया। वहां संचालक चंद्रमणि शर्मा ने शैक्षणिक दस्तावेज देखे। बीएचयू में सहायक प्रोफेसर की नौकरी के बदले छह लाख रुपये की मांग की। आरोपियों को 5,96,300 रुपये दिए। 30 अक्तूबर 2023 को चंद्रमणि शर्मा ने एक नियुक्ति पत्र थमाया। जब पत्र लेकर बीएचयू पहुंची तो प्रशासन ने इसे फर्जी बताया। रुपये मांगने पर चंद्रमणि शर्मा ने दो साल तक टरकाया। 25 जुलाई को दोबारा पैसे मांगने पहुंची तो आरोपी ने गालीगलौज, हाथापाई और अभद्रता कर कार्यालय से बाहर निकाल दिया। सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
कूड़े के ढेर में महिला को मिले चार सोने के सिक्के, पुलिस ने जमा किए
शिवपुर थाना क्षेत्र के दूधिया पोखरा परमानंदपुर इलाके में बुधवार को एक कूड़ा बीनने वाली महिला को कूड़े के ढेर में चार सोने के सिक्के मिले हैं। लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सिक्कों को अपने कब्जे में ले लिया। महिला ने ये सिक्के पुलिस को सौंप दिए। दूधिया पोखरा परमानंदपुर की नट बस्ती में महिला कूड़ा बीन रही थी तभी उसे ये सिक्के मिले। सिक्कों का वजन ढाई ग्राम बताया गया है। महिला ने ईमानदारी दिखाते हुए तुरंत इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी। लोगों ने पुलिस को सूचित किया। शिवपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला से पूछताछ की। महिला ने बताया कि उसे कूड़े में ये सिक्के मिले थे। पुलिस ने लिखा-पढ़ी के बाद इन सिक्कों को मालखाने में जमा कर दिया है। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि जिसका भी सोना होगा, वह उचित प्रक्रिया के बाद इसे वापस ले जा सकेगा।
पत्नी को गोली मारने की धमकी देने का आरोपी पति गिरफ्तार
पत्नी राधिका को जान से मारने की धमकी देने के आरोपी पति विकास सेठ को चेतगंज पुलिस ने बुधवार को नाटी इमली से गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से .32 बोर की अवैध पिस्टल और एक कारतूस बरामद हुआ। चेतगंज इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि धूपचंडी चौराहा काशी इंक्लेव निवासी पीड़िता राधिका ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
ढाबे से ट्रक से 200 लीटर डीजल चोरी
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के गुड़िया गांव में एक ढाबे पर खड़ी ट्रक से 200 लीटर डीजल चोरी हो गया। चालक रामस्वरूप यादव ने बुधवार को थाने में तहरीर दी है। रामस्वरुप ने पुलिस को बताया कि वह बिहार के जमशेदपुर से कानपुर जा रहे थे। कछवा रोड ढाबे पर खाना खाने के लिए गाड़ी रोकी और फिर ट्रक में ही सो गया। सुबह नींद खुलने पर उसने गाड़ी का हवा चेक किया। डीजल टंकी का ढक्कन खुला पाया। जांच में टंकी से डीजल गायब मिला। रास्ते में 200 लीटर डीजल भरवाया था। थाना प्रभारी गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि आसपास के सीसी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। संवाद
दुकान से नकद व दस्तावेज से भरा काउंटर चोरी
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रुपापुर में बिल्डिंग मटेरियल की दुकान से बुधवार दोपहर नकदी व दस्तावेज से भरा काउंटर चोरी हो गया। भोजपुर (रुपापुर) निवासी गौरव त्रिपाठी ने पुलिस को बताया कि एनएच-19 पर एचपी पेट्रोल पंप के समीप बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान है। दोपहर तीन बजे के बीच उनके पिता अशोक कुमार त्रिपाठी दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान उन्हें कुछ देर के लिए झपकी आ गई। आरोप है कि इसी बीच अज्ञात चोर दुकान में रखा काउंटर उठा ले गए। काउंटर में 75 हजार, जमीन से संबंधित जरूरी दस्तावेज और लेन-देन के हिसाब-किताब की कॉपी रखी हुई थी। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
लापता वाहन मैकेनिक का घाट किनारे मिला शव, हत्या की आशंका
प्रेम प्रसंग के बाद लापता आशिक कुमार (21) का शव बुधवार सुबह दशाश्वमेध घाट किनारे मिला। पिता विजय ने प्रेमिका के परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। देर शाम लंका थाने में प्रेमिका के परिजनों के खिलाफ तहरीर दी। मिर्जापुर के अदलहाट बिसौरा खुर्द निवासी आशिक कुमार वाहन मिस्त्री था। पथरीरा गांव में एक युवती से उसका प्रेम संबंध से था। दोनों परिवारों के बीच विवाद था। 27 जुलाई को लंका क्षेत्र सामनेघाट स्थित पूर्व प्रधान सुनील कुमार उर्फ मंगल प्रधान के आवास पर पंचायत हुई थी। पंचायत के बाद शाम 6.30 बजे आशिक अपने पिता विजय और दादा मुन्नीलाल के साथ घर लौट रहा था।
ऑटो स्टैंड जाते समय भीड़ के कारण आशिक अपने परिजनों से बिछड़ गया। परिजनों ने काफी इंतजार किया, लेकिन आशिक नहीं मिला और उसका मोबाइल भी बंद हो गया। पिता विजय ने पुलिस को बताया कि उन्होंने पहले सोचा था कि उनका बेटा गुस्से में फोन बंद कर घर चला गया होगा। सुबह 11 बजे पुलिस के जरिए आशिक का शव मिलने की सूचना मिली। विजय ने प्रेमिका समेत चार नामजद के खिलाफ लंका थाने में तहरीर दी है। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
दुकानदार का मोबाइल और नकदी चोरी
शिवपुर थाना क्षेत्र के शिवपुर बाजार के रामलीला मैदान के सामने बुधवार दोपहर दुकान में सो रहे दुकानदार का मोबाइल और गल्ले में रखी नकदी चोरी हो गई। पीड़ित सोनू जायसवाल, निवासी शिवपुर बाजार ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। बताया कि दोपहर में 2:30 बजे वह दुकान में सो रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात युवक चुपके से दुकान में घुसा और गल्ले में रखी हजारों रुपये की नकदी और सैमसंग का मोबाइल लेकर भाग गया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ई-रिक्शा में महिला की सोने की चेन और लॉकेट चोरी
कैंट थाना क्षेत्र के महावीर मंदिर में दर्शन के दौरान रेखा श्रीवास्तव के गले से सोने की चेन और लॉकेट चोरी हो गया। पीड़िता की तहरीर पर अज्ञात महिलाओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। आनंदपुरी कॉलोनी, पहड़िया निवासी रेखा श्रीवास्तव के अनुसार, 23 जुलाई की सुबह वह डॉक्टर को दिखाने के बाद ई-रिक्शा से महावीर मंदिर जा रही थीं। रास्ते में एक बच्चे के साथ कुछ महिलाएं भी ई-रिक्शा में सवार हो गईं।
आरोप है कि महिलाओं में से एक ने बातचीत और धक्का-मुक्की कर उनका ध्यान भटका दिया। इसी दौरान अन्य महिलाओं ने 16 ग्राम की सोने की चेन और 3.17 ग्राम का लॉकेट काटकर चोरी कर लिया। पुलिस ने सिटी कमांड सेंटर से सीसीटीवी फुटेज खंगाली। फुटेज में संदिग्ध ई-रिक्शा पांडेयपुर चौराहे और महावीर मंदिर के पास दिखाई दिया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर महिलाओं की पहचान में जुटी है। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
तीन महीने पहले सिंडिकेट में पड़ी फूट से मिंट हाउस जुआ कांड का हुआ खुलासा
नदेसर मिंट हाउस के एलआईसी भवन में जुए का खेल लंबे समय से खेला जा रहा था। रुपये के लेनदेन को लेकर तीन महीने पहले मारपीट के बाद सिंडिकेट में फूट पड़ी। इसी विवाद के बाद एक गुट ने दूसरे गुट के ठिकानों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाई। सिंडिकेट से अलग होकर एक सदस्य ने जैतपुरा थाना क्षेत्र के कमलगड़हा में जुए का संचालन शुरू कराया।
जैतपुरा के गुट ने राजा बाबू के मिंट हाउस जुआ को बंद कराने के लिए तीन महीने से पुलिस को गोपनीय सूचना देने के साथ ही शहर के एक सफेदपोश का भी सहारा लिया। यही कारण रहा कि सटीक मुखबिरी के तहत वरुणा जोन के पुलिस अधिकारियों ने सोमवार रात छापा मारा। छापे से पहले एसओजी का एक पुलिसकर्मी मिंट हाउस पहुंचा था। पिछले महीने तेलियाबाग में साड़ी व्यवसायी से हुई लूटकांड का भी मिंट हाउस से कनेक्शन था। यह भी सिंडिकेट की अंदरूनी कलह का परिणाम बताया जा रहा है। जैतपुरा के कमलगड़हा, पड़ाव के मढि़या, लंका के नरोत्तमपुर, अखरी में जुआ संचालित हो रहा है।
मालगाड़ी की चपेट में आने से एमआर की मौत
वाराणसी। फूलपुर थाना क्षेत्र के खालिसपुर रेलवे स्टेशन के पास बुधवार दोपहर मालगाड़ी की चपेट में आने से एमआर अभिषेक अग्रहरि (36) की मौत हो गई। सूचना पर आरपीएफ, जीआरपी और फूलपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फूलपुर बाजार निवासी अभिषेक बुधवार दोपहर एक बजे खालिसपुर रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर मालगाड़ी की चपेट में आ गया। मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अभिषेक ने अपनी बाइक रेलवे लाइन के किनारे खड़ी की थी। इसके बाद वह ट्रैक की ओर गए और इसी दौरान तेज रफ्तार से गुजर रही मालगाड़ी की चपेट में आ गया। मौके आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। मोबाइल फोन के जरिये परिजनों से संपर्क कर उनकी पहचान की गई। परिजनों के मुताबिक, अभिषेक तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे और अविवाहित थे। थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
ट्रेन की चपेट में आने से वृद्ध की मौत
कपसेठी थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव में मंगलवार देर रात ट्रेन की चपेट में आने से सुरेंद्र सिंह (55) की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। सुरेंद्र सिंह की पत्नी की दो वर्ष पहले मौत हो गई थी। इसके बाद से वह मानसिक रूप से अस्वस्थ थे। मंगलवार रात एक बजे वह किसी समय घर से निकल गए और रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। थाना प्रभारी विकास कुमार मौर्य ने बताया कि परिजनों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
ट्रेलर ने ऑटो को मारी टक्कर, एक की मौत, दो घायल, दो घंटे सीमा विवाद में उलझी रही पुलिस
गोईठहां रिंग रोड पर बुधवार शाम गलत दिशा से आ रहे पिकअप को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित बालू लदे ट्रेलर ने ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो चालक शहजाद (25) निवासी रामदत्तपुर की मौत हो गई। जबकि पिकअप चालक लेढ़ूपुर निवासी बबलू (40) समेत दो लोग घायल हुए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद सारनाथ और लालपुर पांडेयपुर थाने की पुलिस सीमा विवाद को सुलझाने में दो घंटे तक उलझी ही। बाद में दोनों थाना पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, बालू लदा ट्रेलर हरहुआ की ओर से संदहा की तरफ जा रहा था।
गोईठहां के पास गलत दिशा से आ रहे पानी लदे पिकअप को बचाने के प्रयास में ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया और सड़क की दूसरी लेन में पहुंच और मालवाहक ऑटो को टक्कर मारते सड़क किनारे पानी में चला गया। ऑटो समेत ट्रेलर के नीचे दबने से रामदत्तपुर निवासी शहजाद की मौत हो गई। सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि शहजाद को रिंग रोड के पास निजी अस्पताल लाया गया यहां इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतक शहजाद तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। वह मालवाहक ऑटो से पैक बोतल पानी की डिलीवरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। जबकि घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। इसके पहले दो थानों की पुलिस को यह समझने में दो घंटे लग गए कि सीमा क्षेत्र किसका है। घायल बबलू की पत्नी शशि देवी ने बताया कि उनके पति मंगलवार रात पहड़िया फल मंडी से पिकअप में फल लादकर सैदपुर गए थे। वहां फल उतारने के बाद वह वापस पहड़िया मंडी लौट रहे थे। इसी दौरान हादसे में वह घायल हो गए।