फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi Top News Four people died fraud case against two people

Varanasi Top News: वाराणसी में चार लोगों की मौत, दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस; पढ़ें- अन्य खबरें

Sun, 14 Jul 2024 10:26 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Sun, 14 Jul 2024 10:26 PM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी में रविवार को विभिन्न हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में ले लिया। इसके साथ ही अन्य खबरें भी रहीं। रामनगर थाना क्षेत्र के कॉलोनाइजर सहित दो लोगों के खिलाफ धोखधड़ी मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। आइए पढ़ते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi Top News Four people died fraud case against two people
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

चौबेपुर थाना क्षेत्र के सरसौल घाट पर मवेशियों को नहलाने में बुजुर्ग गंगा में डूब गया। शनिवार शाम की घटना के बाबत रविवार की सुबह पहुंची एनडीआरएफ के खोताखोरों ने गंगा में खोजबीन की। बुजुर्ग का पता नहीं चला। पुलिस भी स्थानीय गोतखोरों की माध्यम से खोजबीन कराई।

विज्ञापन


मिश्रपुरा निवासी पारस यादव (60) पशुपालन कर शहर में दूध बेचता था। शनिवार को अपराह्न बाद वह पशुओं के साथ सरसौल घाट की तरफ गया था। शाम तक घर वापस नहीं लौटा तो बेटा खोजबीन में जुटा। 
विज्ञापन


सरसौल घाट पहुंचा तो देखा कि मवेशियां गंगा नदी के दोनों पाट के बीच रेती पर खड़ी हैं और पिता का कपड़ा और लाठी नदी के किनारे पड़ी थी। बेटे ने पुलिस के साथ परिजनों की सूचना दी। तब तक रात हो चुकी थी। रविवार की सुबह ही पुलिस व एनडीआरएफ के गोताखोरों की टीम खोजबीन में जुटी। चौबेपुर थाना प्रभारी विद्याशंकर शुक्ला ने बताया कि गोताखोर व एनडीआरएफ की टीम प्रयास कर रही है। अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

बंद कमरे में मिला युवक का शव
वाराणसी के तेलियाबाग चर्च कंपाउंड स्थित एक मकान के बंद कमरे में रविवार को एक युवक का शव मिला। सूचना पाकर सिगरा थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

सिगरा थाना क्षेत्र के तेलियाबाग चर्च कंपाउंड में आशू मलिक (37) परिजनों से अलग मकान बनवाकर रहता था। परिजनों ने बताया कि ट्रेवल्स का काम करने वाला आशू दो वर्ष पहले छत से गिरने के कारण गंभीर रूप से घायल हुआ था। उसका अभी भी उपचार चल रहा था। 

रविवार की सुबह वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आया तो उसे लेकर चिंता हुई। धक्का देकर दरवाजा खोलने पर सामने आशू का शव पड़ा मिला और फर्श पर खून था। इस संबंध में सिगरा थानाध्यक्ष ने बताया कि आशंका है कि फिसल कर गिरने से युवक के सिर में गंभीर चोट लगी है। युवक के मस्तिष्क का उपचार भी चल रहा था। आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट होने के आधार पर की जाएगी।

रामापुरा मुहल्ले में युवक ने फंदा लगा कर जान दी
वाराणसी के लक्सा थाना के रामापुरा मुहल्ला स्थित एक दोमंजिला मकान से दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने रविवार को पुलिस को सूचना दी। पुलिस मकान का दरवाजा तोड़ कर अंदर घुसी तो मकान के प्रथम तल में राहुल यादव (35) फंदा लगाकर लटका हुआ था। पुलिस ने शव को नीचे उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। राहुल की आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

रामापुरा मुहल्ले के लोगों के अनुसार राहुल यादव तीन बहनों का इकलौता भाई था। उसकी तीनों बहनों की शादी हो चुकी है। राहुल नशे का आदी था। नशे के लिए वह पैसे को लेकर मां माया यादव को प्रताड़ित करता था। इस वजह से माया यादव लखनऊ में अपनी बेटी सुनीता के पास रहने लगी थी। 

राहुल ने एक महिला से शादी की थी, जिससे उसका एक बेटा है। राहुल की गलत आदतों के कारण लगभग चार साल पहले उसकी पत्नी उसे छोड़ कर अपने बेटे के साथ चली गई थी। मुहल्ले के लोगों ने बताया कि राहुल को आखिरी बार गत 12 जुलाई की शाम पीडीआर मॉल के पास समाचार पत्र पढ़ते हुए देखा गया था। 

लक्सा थाने की पुलिस ने राहुल की आत्महत्या के संबंध में उसकी मां को सूचना दे दी है। पुलिस के अनुसार राहुल हत्या और चोरी के दो मुकदमों का आरोपी था। इस वजह से वह जेल भी जा चुका था।

प्रयागराज में तैनात हेड कांस्टेबल की सड़क हादसे में मौत, शव घर पहुंचा
चौबेपुर के बर्थराखुर्द (सोनही) निवासी हेड कांस्टेबल वीरेंद्र यादव (46) की प्रयागराज जिले में शनिवार की रात सड़क हादसे में हो गई। रविवार की देर शाम उनका शव पोस्टमार्टम के बाद घर लाया गया। प्रयागराज जिले के फाफामऊ थाने में हेड कांस्टेबल वीरेंद्र यादव तैनात थे। 

प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार गौतम ने बताया कि शनिवार की रात मलाक हरहर गांव में गश्त के दौरान तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में मौके पर ही उनकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार वीरेंद्र यादव तीन भाई थे। उनके बड़े भाई सुरेंद्र यादव पुलिस विभाग से ही रिटायर्ड हैं। 

दूसरे नंबर के भाई महेंद्र यादव घर पर रहकर दूध का व्यापार करते हैं। वीरेंद्र यादव के दो बेटे हैं और दोनों प्रयागराज में मां के साथ पुलिस लाइन में रहकर पढ़ाई करते हैं।

कॉलोनाइजर सहित दो के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज
रामनगर के मच्छरहट्टा निवासी कॉलोनाइजर संजय जायसवाल व प्लाट विक्रेता यश शर्मा के खिलाफ रामनगर थाना में धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मिलिट्री छावनी, त्रिवेंद्रम में तैनात रस्तापुर निवासी सुरेश कुमार ने पुलिस को तहरीर दी। 

बताया कि संजय जायसवाल रोमा बिल्डिंग के सामने जमीन की प्लाटिंग किए हैं। वहीं एक प्लाट दिखाकर बुकिंग के बदले में छह लाख रुपये बैंक खाता में लिया गया। आरोप है कि एक माह बाद जब जमीन रजिस्ट्री की बात आई तो आनाकानी करने लगे। इस पर उन्होंने रामनगर थाने की पुलिस को तहरीर दी। 

इस संबंध में रामनगर थाना प्रभारी जगदीश कुशवाहा ने बताया कि सेना के जवान की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

टीवी उचक्के नहीं ले गए थे, दी गई थी गलत सूचना
विवेकानंद कॉलोनी के रामभगत सिंह के घर से एलईडी टीवी की उचक्कागिरी का मामला लालपुर पांडेयपुर थाने की पुलिस की जांच में फर्जी निकला। पुलिस के अनुसार मामला टीवी मालिक और मैकेनिक के बीच विवाद का था। जांच में मामला स्पष्ट हुआ तो दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया। 

रामभगत सिंह ने लालपुर पांडेयपुर थाने की पुलिस को गत शुक्रवार को तहरीर दी थी कि सैमसंग की उनकी एलईडी टीवी 10 दिन पुरानी थी। फोन करने पर खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए दो युवक आए और उनकी टीवी ले गए। इंस्पेक्टर लालपुर पांडेयपुर राजकुमार ने बताया कि जांच में सामने आया कि टीवी 13 महीने पुरानी थी। इसलिए उसकी वारंटी खत्म हो गई थी। 

रामभगत ने गूगल से जो नंबर लेकर फोन किया था वह लोकल मैकेनिक का था। लोकल मैकेनिक उनकी टीवी बनाने के लिए ले गया। लगभग 10 दिन बीत जाने के बाद भी टीवी की मरम्मत नहीं हो सकी तो रामभगत नाराज हो गए। इसके बाद ही उन्होंने गलत शिकायत की।

क्रेडिट कार्ड से 1.10 लाख की साइबर जालसाजी
क्रेडिट कार्ड को सीपीपी प्लान से जोड़ने का झांसा देकर साइबर जालसाज ने युवक के खाते से एक लाख 10 हजार रुपये साफ कर दिया। पीड़ित ने कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया। गिलट बाजार निवासी अमरीश कुमार गौतम के अनुसार 23 जून को मोबाइल पर क्रेडिट कार्ड से सीपीपी प्लान से लाभ उठाने का कॉल आया। इसके बाद वेबसाइट पर पूरी जानकारी अपडेट की, तब तक दो क्रेडिट कार्ड से रुपये की निकासी का मैसेज आया। 

किशोरी को अगवा मामले में मुकदमा दर्ज
वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र के नगवा स्थित गंगोत्री विहार कॉलोनी में किशोरी को अगवा मामले में नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पीड़ित राहुल विश्वकर्मा का आरोप है कि उसकी बहन को जनार्दनपुर कैमूर बिहार निवासी गोविंद शर्मा 25 जून को बहला फुसला कर अगवा कर लिया। बहन की काफी खोजबीन के बाद पता नहीं लगा। 

दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
दुष्कर्म समेत अन्य मामलों में आरोपी को लंका पुलिस ने रविवार को लोटूवीर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। लंका इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि आरोपी की पहचान ओमप्रकाश वर्मा निवासी बेली कालोनी प्रयागराज के रूप में है। आरोपी के खिलाफ 11 जुलाई को दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया गया था।

पिता-पुत्री समेत तीन को कार से धक्का मारने में मुकदमा दर्ज
वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र के मारुति नगर में शुक्रवार की रात अस्पताल प्रबंधक और उसकी बेटी समेत कर्मचारी को अनियंत्रित कार से कुचलने मामले में पुलिस ने नामजद समेत चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। 

अस्पताल का संचालन करने वाले शैलेंद्र सिंह का आरोप है कि वो अपने अस्पताल के बाहर अपनी बेटी और स्टाफ के साथ बैठे थे। तभी कार सवारों ने धक्का मारते हुए भागने की कोशिश की। तभी कार सवार गौरव उपाध्याय को पड़ोसियों ने पकड़ लिया, अन्य तीन युवक भाग निकले। मौके पर पहुंची पुलिस कार चालक को हिरासत में ली। शैलेंद्र सिंह के अनुसार धक्के से बेटी और स्टाफ को गंभीर चोटें आई है। 

मेरी शादी में उपहार नहीं, पौधा लाएं
राजातालाब के असवारी गांव के युवा समाजसेवी नीरज पांडेय अपने विवाह में अतिथियों से अनोखी गुजारिश कर चर्चा में आ गए हैं। उन्होंने अपनी शादी में आने वाले अतिथियों और दोस्तों से उपहार की जगह पौधा लाने की अपील की है।



उन्होंने शादी के कार्ड पर यह संदेश छपवाया है कि कृपया शादी में कोई उपहार न लाएं। पर्यावरण प्रेमी नीरज पांडेय कहते हैं कि वह बचपन से ही पर्यावरण को लेकर सजग रहे हैं। बताया कि पर्यावरण से प्रेम करने की शिक्षा उन्हें अपने पिता अश्वनी पांडेय और माता आरती देवी से मिली है। कहा कि बढ़ते पर्यावरण प्रदूषण और गर्म होती धरती को बचाने के लिए उन्होंने यह संकल्प लिया है। 

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय ने अंडर-17 कबड्डी के फाइनल में किया क्वालीफाई
53वीं संभागीय खेलकूद प्रतियोगिता रविवार को पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय 39 जीटीसी के मैदान पर खेली गई। इसमें शूटिंग और रस्सी कूद (बालक एवं बालिका वर्ग) में केंद्रीय विद्यालय 39 जीटीसी का दबदबा रहा। वहीं, अंडर-17 बालक वर्ग कबड़्डी के सेमीफाइनल में केवी 39 जीटीसी ने केवी बीएचयू को 36-16 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। अन्य सेमीफाइनल में केवी चेरो सलेमपुर ने केवी शक्तिनगर को 52-13 को बड़े अंतर से हराया।

वहीं, अंडर-14 बालक वर्ग कबड़्डी में केवी चेरो सलेमपुर ने केवी चोपन को 24-5 से और केवी एएफएस गोरखपुर ने केवी 39 जीटीसी को 43- 41 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। विजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि दिनेश चंद्र मीणा सहायक आयुक्त केंद्रीय विद्यालय संगठन वाराणसी संभाग ने पुरस्कृत किया। इस मौके पर डॉ़ चंद्र भूषण प्रकाश वर्मा, अभिषेक त्रिपाठी, मनिंदर सिंह मौजूद रहे।

गरीब बच्चों को टेबल टेनिस की ट्रेनिंग-सरिता गोकर्ण
रामनगर में रविवार दोपहर काशी कला कस्तूरी की ओर से खेल जगत संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें यूपी टेबल टेनिस टीम की चयनकर्ता सरिता गोकर्ण ने बनारस में टेबल टेनिस सुविधाओं में इजाफा करने की बात कही। कहा कि वे गरीब बच्चों को ट्रेनिंग देने के साथ खेल सुविधाएं उपलब्ध कराएंगी। इसके लिए खुद स्कूलों में जाकर खिलाड़ियों का चयन करेंगी। कार्यक्रम का संचालन और धन्यवाद डॉ. शबनम ने किया। 

नमामि गंगे तैयार करेगा स्वच्छ और गंदगी वाले घाटों की सूची
नमामि गंगे के गंगा विचार मंच की महानगर की इकाई की रविवार को नमो घाट पर मासिक बैठक हुई। बैठक में संस्था के सदस्यों ने काशी के गंगा घाटों पर गंगा स्वच्छता अभियान को गति प्रदान करने पर चर्चा की। 

जन भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नाविक समाज, पंडा पुरोहितों, दुकानदारों, नगर निगम कर्मचारियों सहित अन्य सभी श्रद्धालुओं से समन्वय स्थापित करने पर विचार हुआ। काशी के सबसे स्वच्छ घाटों, ज्यादा गंदगी वाले घाटों की सूची तैयार की जाएगी। सावन में बाबा श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए लाइन में लगे दर्शनार्थियों के लिए पेयजल की सुविधा उपलब्ध करवाने पर भी चर्चा हुई। 

बैठक से पहले नमो घाट पर पर्यटकों से आह्वान किया गया कि गंगा घाटों को स्वच्छ रखें। इस दौरान जिला संयोजक शिवम अग्रहरि, महानगर सहसंयोजक रामप्रकाश जायसवाल, जय विश्वकर्मा, प्रीति, रवि जायसवाल, भावना गुप्ता, सपना वर्मा मौजूद रहीं। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed