Varanasi News: क्वींस इंटर कॉलेज से कल निकलेगी तिरंगा यात्रा और बाइक रैली, जुटेगा पूरा शहर; देशभक्ति की झलक
Tiranga Yatra: अमर उजाला और जिला प्रशासन की पहल पर ‘मां तुझे प्रणाम’ अभियान के तहत बुधवार को क्वींस इंटर कॉलेज से तिरंगा यात्रा और बाइक रैली निकलेगी। इसमें बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल होंगे। यात्रा के दौरान देशभक्ति की झलक देखने को मिलेगी। आयोजन से जुड़ने के लिए जीकेपीएच में एमटीपी के नाम से दिए गए क्यूआर कोड से पंजीकरण किया जा सकेगा।
विस्तार
अमर उजाला, नगर निगम और जिला प्रशासन के सहयोग से 12 अगस्त, बुधवार को मां तुझे प्रणाम के तहत भव्य तिरंगा यात्रा और बाइक रैली शहर में निकाली जाएगी। राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज से निकलने वाली इस यात्रा में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से देशभक्ति की झलक देखने को मिलेगी। यात्रा में हजारों विद्यार्थियों के साथ ही सामाजिक और व्यापारिक संगठनों सहित अन्य लोग भागीदारी करेंगे। हाथ में तिरंगा लिए विद्यार्थी, बुलेट-बाइकर्स टीम के साथ ही रोलर स्केटिंग के खिलाड़ी भी रास्ते में करतब दिखाकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचेंगे।
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज से सुबह आठ बजे निकलने वाली रैली के दौरान जगह-जगह सामाजिक और व्यापारिक संगठनों की ओर से पुष्प वर्षा कर स्वागत किया जाएगा। आगे-आगे देशभक्ति गीत बजाते वाहन चलेंगे, तो पीछे भारत माता की जय और वीर सपूतों की जयघोष करते हुए हाथ में तिरंगा लेकर विद्यार्थी आगे बढ़ते रहेंगे। रास्ते में जगह-जगह ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगे, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे।
ये होगा तिरंगा यात्रा का रूट
राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज से सुबह आठ बजे निकलकर यात्रा संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मेन गेट होते हुए चौरा माता मंदिर, पटेल धर्मशाला के रास्ते आगे बढ़ेगी। इसके बाद विनायक प्लाजा के सामने से होते हुए मलदहिया स्थित पटेल प्रतिमा, लोहामंडी से आगे बढ़ते हुए काशी अनाथालय के सामने से गुजरेगी। तिरंगा यात्रा में शामिल लोग लहुराबीर चौराहा होते हुए वापस क्वींस कॉलेज पहुंचेंगे।
इनका रहेगा सहयोग
- पावर्ड बाई-इंडियन आयल, शाकुन्तलम इन्फ्रा।
- विशिष्ट सहयोगी-उत्कर्ष स्माल फाइनेंस बैंक, संत अतुलानंद हिंदू महाविद्यालय, एजीआर ऑटोमोबाइल्स, पीताम्बरी।
- सहयोगी-वाराणसी डेवलपमेंट अर्थारिटी,कंबल घर एक्सक्लूसिव,कन्हैया अलंकार मंदिर, विन्सम डेवलपर्स, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा, एलआईसी, शिवा काशी होम्स, इला इन्फ्रास्ट्रक्चर।