वाराणसी: नीट की तैयारी कर रहे छात्र ने लगाया फंदा, कमरे में मिला शव; फोन नहीं उठाने पर रूम पार्टनर पहुंचा था
छित्तूपुर में रविवार रात नीट की तैयारी कर रहे 22 वर्षीय विनोद पटेल ने फांसी लगाकर जान दे दी। फोन नहीं उठाने पर रूम पार्टनर अभिषेक कमरे पर पहुंचा। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच की। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली जाएगी।
विस्तार
लंका थाना क्षेत्र के छित्तूपुर इलाके में रविवार रात नीट की तैयारी कर रहे 22 वर्षीय छात्र विनोद पटेल ने फंदा लगाकर जान दे दी। वह एक लॉज में किराये पर कमरा लेकर रहता था। घटना की जानकारी उस समय हुई, जब उसका रूम पार्टनर अभिषेक फोन करने के बाद भी जवाब नहीं मिलने पर कमरे पर पहुंचा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फॉरेंसिक टीम की मदद से जांच की। छात्र के इस कदम के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के दाती कोटवा गांव निवासी विनोद पटेल पिछले कुछ महीनों से छित्तूपुर में किराये पर रहकर नीट की तैयारी कर रहा था। रविवार को उसका रूम पार्टनर अभिषेक बाजार में सामान खरीदने गया था। इसी दौरान उसे कुछ सामान के बारे में जानकारी लेनी थी। इसके लिए उसने विनोद को फोन किया, लेकिन कई बार प्रयास के बाद भी फोन नहीं उठा।
इसके बाद अभिषेक कमरे पर पहुंचा और दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर उसे संदेह हुआ। उसने बगल में बने रोशनदान से झांककर देखा तो विनोद कमरे के भीतर फंदे से लटका मिला। इसके बाद उसने पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलने पर बीएचयू पुलिस चौकी प्रभारी सौरभ तिवारी फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। चौकी प्रभारी ने विनोद के परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद उसके पिता बुद्धिराम पटेल अन्य परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस के अनुसार, फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस विनोद के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगालने की तैयारी में है, ताकि घटना से पहले उसकी बातचीत और अन्य परिस्थितियों के बारे में जानकारी मिल सके। जांच के बाद ही घटना के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।