Varanasi News: राज्यमंत्री की टिप्पणी से सपा के लोग खफा, मुख्यालय पर प्रदर्शन; बोले- ओछी राजनीति कर रही भाजपा
Varanasi News: राज्यमंत्री की टिप्पणी से नाराज समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने पार्टी मुख्यालय पर प्रदर्शन किया और विरोध जताया। इसके बाद राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपकर राज्यमंत्री से सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। चेतावनी दी कि माफी नहीं मिलने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP Politics: राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल के सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर की गई टिप्पणी के विरोध में बृहस्पतिवार को सपा कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। सपा कार्यकर्ताओं ने मांग की कि मंत्री रविंद्र जायसवाल अविलंब अखिलेश यादव से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।
पार्टी के जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के प्रतिनिधि एसीएम तृतीय देवेंद्र कुमार को सौंपा। मांग की कि राज्यमंत्री ने सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी तो उन्हें बर्खास्त किया जाए। जिलाध्यक्ष ने कहा कि अखिलेश यादव के अयोध्या चढ़ावा प्रकरण की पोल खोलने से बौखलाई भाजपा इस मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए भाजपा के नेता ओछी व अमर्यादित टिप्पणी कर हिंदू-मुस्लिम की राजनीति कर रहे हैं।
आरोप लगाया कि रविंद्र जायसवाल के ऊपर खुद चार आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। स्नातक एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने कहा कि एक सांविधानिक पद पर बैठे मंत्री की ओर से राष्ट्रीय स्तर के नेता के लिए इस तरह की भाषा का प्रयोग करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। हम अपने नेता का अपमान नहीं सहेंगे। जो भी हमारे नेता के सम्मान को ठेस पहुंचाएगा हम लोग उसे सबक सिखाने का काम करेंगे। रविंद्र जायसवाल को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
प्रदर्शन में पूर्व विधायक उदयलाल मौर्य, संतोष यादव, प्रदीप जायसवाल, डॉ. ओपी सिंह, शशि प्रताप सिंह, उमेश प्रधान, संजय मिश्रा, इस्तकबाल कुरैशी, राजू यादव आदि मौजूद रहे।
भाजपा की राजनीति श्रीराम और हिंदू-मुस्लिम तक सीमित : सुभाष राजभर
समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव डॉ. सुभाष राजभर ने कहा कि भाजपा की राजनीति अब विकास के बजाय केवल भगवान श्रीराम और हिंदू-मुस्लिम के मुद्दों के इर्द-गिर्द घूम रही है। उन्होंने दावा किया कि जनता अब इन मुद्दों को समझ चुकी है।
बृहस्पतिवार को सर्किट हाउस में हुई बैठक में प्रदेश सचिव ने कहा कि भाजपा से जुड़े लोगों पर ही भगवान श्रीराम के मंदिर की दानपेटी में चोरी के आरोप लग चुके हैं। ऐसे में भाजपा फिर से धार्मिक मुद्दों को उछालकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है। उनका आरोप था कि भाजपा के नेता जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के बयान दे रहे हैं। राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल के बयान पर कहा कि किसी भी राजनेता के लिए इस प्रकार की भाषा का इस्तेमाल करना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है।