वाराणसी के सराफा कारोबारी के कर्मचारियों से प्रतापगढ़ में स्कार्पियो और लाखों की लूट, परिजनों ने जताई ये आशंका
वाराणसी के चौक क्षेत्र के सराफा कारोबारी ज्वाला प्रसाद सेठ उर्फ रिंकू सेठ के दो कर्मचारियों पर प्रतापगढ़ में हमला कर बदमाशों ने स्कार्पियो और नकदी लूट ली। रिंकू सेठ के चाचा उत्तर प्रदेश स्वर्णकार संघ के जिला महामंत्री सराफा कारोबारी किशोर सेठ ने बताया कि उनके भतीजे के दो कर्मचारी 40 लाख रुपये लेकर दिल्ली जेवर लाने जा रहे थे। जेवर लाने का काम अकसर ऐसे ही किया जाता था। इस बार ना जाने ऐसा क्या हो गया कि बदमाशों को भनक लग गई और उन्होंने दोनों कर्मचारियों को लूट लिया।
नवापुरा दारानगर निवासी रिंकू के कर्मचारी आजमगढ़ का हरिनाथ यादव और कोलकाता निवासी चालक विनोद रावत स्कार्पियो से शनिवार की रात दिल्ली के लिए निकले थे। प्रतापगढ़ के हथिगवां थाना के जहानाबाद में एक पिकअप ने ओवरटेक कर टक्कर मारी और इसके बाद हथौड़े और अन्य हथियारों से वार कर बदमाशों ने दोनों से नकदी, मोबाइल और स्कार्पियो लूट ली।
कर्मचारियों की सूचना पर रिंकू और उनके चाचा किशोर प्रतापगढ़ पहुंचे। किशोर सेठ ने बताया कि स्कार्पियो को कौशांबी से पुलिस ने बरामद कर लिया है। कौशांबी और प्रतापगढ़ जिले की पुलिस सहयोग कर रही है। बदमाश पकड़े जाएं और लूटी गई रकम बरामद हो जाए, पुलिस से यही अनुरोध किया गया है।
बनारस से ही तो नहीं की गई मुखबिरी
आशंका यह भी जताई जा रही है कि पैसा लेकर निकले कारोबारी के दोनों कर्मचारियों की मुखबिरी बनारस से ही तो किसी ने नहीं की थी। हाईवे पर आखिरकार बदमाशों को यह कैसे पता लग जाएगा कि स्कार्पियो में दो लोग लाखों रुपये लेकर जा रहे हैं। फिलहाल घटना से जुड़े हर पहलू को प्रयागराज और कौशांबी की पुलिस खंगाल रही है।