वाराणसी: खाद की दुकानों पर छापेमारी; 33 केंद्रों की जांच, 12 नमूने लिए; चार विक्रेताओं को नोटिस
वाराणसी में खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए 33 बिक्री केंद्रों की जांच की गई और 12 नमूने लिए गए। दो दुकानें बंद मिलने और दो पर अभिलेख अधूरे पाए जाने पर नोटिस जारी किए गए। किसानों से निर्धारित दर पर खाद खरीदने और शिकायत होने पर कंट्रोल रूम से संपर्क करने की अपील की गई है।
विस्तार
वाराणसी में किसानों को उचित मूल्य पर गुणवत्तायुक्त उर्वरक उपलब्ध कराने और खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए जिले में सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान साधन सहकारी समितियों, पीसीएफ विक्रय केंद्रों, इफको सेवा केंद्रों और निजी उर्वरक दुकानों समेत 33 बिक्री केंद्रों की जांच की गई। अधिकारियों ने खाद के 12 नमूने लिए। दो दुकानें बंद मिलने और दो अन्य दुकानों पर अभिलेख अधूरे पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
तीन टीमों ने की जांच
शासन के निर्देश पर जिलाधिकारी के आदेश से मुख्य विकास अधिकारी ने तीन टीमें गठित की थीं। जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह और जिला उद्यान अधिकारी सुभाष कुमार की टीम ने सदर तहसील में जांच की। कृषि रक्षा अधिकारी बृजेश विश्वकर्मा और जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी आरपी सिंह की टीम को पिंडरा तहसील की जिम्मेदारी दी गई। भूमि संरक्षण अधिकारी अशोक कुमार यादव और मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य की टीम ने राजातालाब तहसील में जांच की।
अभियान के दौरान साधन सहकारी समितियों, पीसीएफ केंद्रों, इफको सेवा केंद्रों, आईएफएफडीसी, औद्यानिक समितियों और निजी उर्वरक विक्रेताओं की दुकानों व गोदामों की जांच की गई।
दुकानें बंद मिलने पर नोटिस
जांच के दौरान मेसर्स एसबीएस इंटरप्राइजेज, बभनपुर और साधन सहकारी समिति, कमौली बंद मिलीं। वहीं, मेसर्स किसान बीज भंडार, रमईपुर और मेसर्स भग्गल एंड संस खाद भंडार, रमईपुर में अभिलेख अधूरे पाए गए। इन चारों प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
निर्धारित दर पर खाद बेचने के निर्देश
अधिकारियों ने सभी उर्वरक विक्रेताओं को दुकानों पर रेट बोर्ड लगाने और किसानों को खतौनी के अनुसार पीओएस मशीन के माध्यम से निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अधिक कीमत पर उर्वरक बेचने या पीओएस मशीन के माध्यम से अवैध तरीके से खाद खारिज करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। प्रशासन के अनुसार, जिले में यूरिया, डीएपी और एनपीके समेत सभी उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।
खाद संबंधी शिकायत के लिए कंट्रोल रूम
खाद की उपलब्धता, कीमत या बिक्री में अनियमितता की शिकायत के लिए किसान विकास भवन के चौथे तल पर स्थित कमरा नंबर 402 में संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए 7007259547 और 9369560120 नंबर जारी किए गए हैं।