Varanasi News: मकान की पहली मंजिल से गिरी पुलिसकर्मी की पत्नी, 15 मिनट तक तड़पती रही, मौत; पति पहुंचा थाने
Varanasi News: पुलिसकर्मी की पत्नी के साथ हादसे की खबर मिलते ही माैके पर शिवपुर थाने की पुलिस पहुंच गई। पति और स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद शव काे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
विस्तार
Varanasi News: वाराणसी में शिवपुर थाना क्षेत्र की विवेकपुरम कॉलोनी में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में पुलिसकर्मी की पत्नी की बालकनी से गिरकर मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, विवेकपुरम कॉलोनी स्थित एक मकान की पहली मंजिल पर किराए पर रहने वाली 37 वर्षीय सुनीता चौधरी, पत्नी कमलेश कुमार राय, मूल रूप से बलिया जिले की निवासी थीं। उनके पति कमलेश कुमार राय चंदौली पुलिस लाइन में तैनात हैं। बुधवार सुबह करीब आठ बजे सुनीता अचानक बालकनी से नीचे गिर गईं। गिरने से उन्हें गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर जमीन पर पड़ी रहीं।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे की सूचना स्थानीय लोगों ने उनके पति को दी, जिसके बाद वह तत्काल वाराणसी पहुंचे और शिवपुर थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही शिवपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में किसी तरह की आपराधिक घटना के संकेत नहीं मिले हैं, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों का अनुमान है कि सुबह बालकनी में कपड़े फैलाने के दौरान अचानक पैर फिसल जाने से यह हादसा हुआ होगा। हालांकि महिला के गिरने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।
मृतका अपने पीछे पति और छह वर्षीय बेटे को छोड़ गई हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। कॉलोनी के लोगों ने भी घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।